Bhopal News: राजधानी भोपाल की ‘शहर सरकार’ की बजट बैठक सोमवार को हंगामे की भेंट चढ़ गई। नगर निगम परिषद की बैठक में जहाँ विकास के बड़े दावों के साथ करीब 3500 करोड़ रुपये का बजट पेश होना था, वहीं प्रश्नकाल की शुरुआत ही गोमांस और स्लॉटर हाउस के मुद्दे पर तीखी नोंक-झोंक से हुई। विपक्ष के साथ-साथ सत्ता पक्ष के पार्षदों ने भी इस मुद्दे पर अधिकारियों को घेरा।
गोमांस मुद्दे पर गरमाया सदन, विपक्ष और सत्ता पक्ष एक साथ
प्रश्नकाल के दौरान नेता प्रतिपक्ष शाबिस्ता जकी ने निगम के स्लॉटर हाउस में 26 टन गोमांस मिलने के मामले में पहला सवाल किया। इस मुद्दे पर जवाब देते हुए एमआईसी सदस्य आर.के. सिंह बघेल और नेता प्रतिपक्ष के बीच जोरदार बहस हुई। देखते ही देखते विवाद इतना बढ़ा कि महापौर मालती राय और शाबिस्ता जकी के बीच तीखी नोंक-झोंक शुरू हो गई।
हैरानी की बात यह रही कि इस मुद्दे पर बीजेपी के वरिष्ठ पार्षद सुरेंद्र बाडिका और विलास राव घड़गे ने भी अपनी ही परिषद के खिलाफ मोर्चा खोल दिया। पार्षदों ने गोमांस मामले में जिम्मेदार अधिकारियों पर कड़ी कार्रवाई की मांग करते हुए जमकर विरोध प्रदर्शन किया।
पुराने वादे अधूरे, नए बजट की तैयारी
नगर निगम इस बार करीब ₹3500 करोड़ का बजट पेश कर रहा है, लेकिन जनता की नजरें उन पुराने वादों पर हैं जो पिछले दो वर्षों से फाइलों में दबे हैं।
हेरिटेज गेट: शहर में 7 हेरिटेज गेट बनाने का वादा था, जिनमें से केवल दो का भूमिपूजन हो सका है।
गीता भवन: इसके निर्माण की घोषणा भी अब तक अधूरी है।
टैक्स में राहत की उम्मीद: मंत्री और विधायकों की आपत्ति के बाद इस बार प्रॉपर्टी टैक्स या जल कर में वृद्धि की संभावना कम जताई जा रही है। पिछले बजट में प्रॉपर्टी टैक्स में 10% और जल कर में 15% की भारी बढ़ोतरी की गई थी।
इन 3 प्रमुख मुद्दों पर घिरा प्रशासन
गोमांस कांड: स्लॉटर हाउस में भारी मात्रा में प्रतिबंधित मांस मिलने पर जवाबदेही तय करने की मांग।
नई बिल्डिंग हादसा: लिंक रोड नंबर-2 पर ₹40 करोड़ की लागत से बनी अधूरी बिल्डिंग के उद्घाटन और वहां गिरकर हुई एक बुजुर्ग की मौत का मामला छाया रहा।
लोकायुक्त कार्रवाई: निगम के भ्रष्टाचार और हाल ही में हुई लोकायुक्त की कार्रवाई पर विपक्ष ने घेराव की रणनीति अपनाई।