Indore News: इंदौर जिले में पेट्रोल और डीजल की कमी को लेकर सोशल मीडिया पर चल रही तमाम अटकलों पर विराम लगाते हुए जिला प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि आपूर्ति पूरी तरह सामान्य है। कलेक्टर शिवम वर्मा के नेतृत्व में प्रशासन ने मोर्चा संभालते हुए आज तड़के ही मांगलिया स्थित डिपो से टैंकरों की रवानगी शुरू करवा दी है।
तड़के 5 बजे से प्रशासन की सक्रियता
ईंधन आपूर्ति में किसी भी प्रकार की बाधा को रोकने के लिए जिला प्रशासन की टीम सुबह 5 बजे से ही मांगलिया स्थित HPCL, BPCL और इंडियन ऑयल (IOCL) के डिपो पर तैनात हो गई थी। कलेक्टर के स्पष्ट निर्देशों के बाद सुबह 6 बजे से ही टैंकरों में ईंधन भरने का कार्य युद्धस्तर पर प्रारंभ किया गया।
आंकड़ों में आपूर्ति की स्थिति
प्रशासन द्वारा जारी आंकड़ों के अनुसार, आज सुबह 8 बजे तक ही मांगलिया डिपो से कुल 61 टैंकर लोरियाँ विभिन्न क्षेत्रों के लिए रवाना की जा चुकी हैं:
-
हिंदुस्तान पेट्रोलियम (HPCL): 25 टैंकर
-
इंडियन ऑयल (IOCL): 19 टैंकर
-
भारत पेट्रोलियम (BPCL): 17 टैंकर
डिपो प्रबंधन का कहना है कि उनके पास पर्याप्त स्टॉक उपलब्ध है और फिलिंग का काम पूरी क्षमता के साथ जारी है।
नागरिकों से संयम बरतने की अपील
कलेक्टर शिवम वर्मा ने आम जनता से अपील की है कि वे किसी भी प्रकार की भ्रामक खबरों या अफवाहों पर भरोसा न करें। शहर और ग्रामीण क्षेत्रों के पेट्रोल पंपों पर सतत निगरानी रखी जा रही है ताकि ईंधन की निर्बाध आपूर्ति बनी रहे।
“जिले में ईंधन का पर्याप्त भंडार है। नागरिक पैनिक न हों और अपनी आवश्यकता के अनुसार ही पेट्रोल-डीजल लें। अनावश्यक भीड़ और घबराहट से ही कृत्रिम कमी की स्थिति पैदा होती है।” — जिला प्रशासन, इंदौर