इंदौर में 149 रुपये लीटर पेट्रोल के वायरल वीडियो का सच आया सामने, खाद्य विभाग ने दी सफाई

Indore News: इंदौर के लोहा मंडी क्षेत्र में ‘149 रुपये प्रति लीटर’ पेट्रोल बिकने का एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा था, जिसने आम जनता के बीच भारी भ्रम की स्थिति पैदा कर दी। इस मामले पर तत्काल संज्ञान लेते हुए खाद्य विभाग ने वस्तुस्थिति स्पष्ट की है।
सामान्य नहीं, प्रीमियम फ्यूल है XP100
खाद्य विभाग के अधिकारियों ने बताया कि वीडियो में दिखाई गई दर सामान्य पेट्रोल की नहीं, बल्कि XP100 (100 ऑक्टेन) कैटेगरी के प्रीमियम पेट्रोल की है। यह एक उच्च गुणवत्ता वाला ईंधन है जो विशेष रूप से लग्जरी और हाई-परफॉर्मेंस कारों के लिए उपयोग किया जाता है। इसकी बाजार दर सामान्य पेट्रोल से काफी अधिक होती है और वर्तमान में यह लगभग 149 रुपये प्रति लीटर के आसपास ही बिक रहा है।
जांच में मिली क्लीन चिट
विवाद बढ़ता देख प्रशासन की ‘माप-तौल’ विंग ने संबंधित पेट्रोल पंप की मशीनों की सघन जांच की। जांच में पाया गया कि मशीन में दर्ज दरें कंपनी द्वारा निर्धारित मानकों के अनुरूप हैं और किसी भी प्रकार की अनियमितता या अधिक वसूली का मामला सामने नहीं आया है।
खाद्य विभाग ने नागरिकों से अपील की है कि वे सोशल मीडिया पर प्रसारित होने वाली भ्रामक जानकारियों और अफवाहों पर ध्यान न दें। किसी भी सूचना को साझा करने से पहले तथ्यों की पुष्टि अवश्य करें।