Indore News: मालवा क्षेत्र के यात्रियों के लिए रेलवे ने गर्मी की छुट्टियों से पहले एक बड़ी सौगात दी है। इंदौर से राजस्थान के श्रीगंगानगर के बीच पहली बार सीधी रेल सेवा शुरू होने जा रही है। उत्तर-पश्चिम रेलवे ने यात्रियों की भारी भीड़ को देखते हुए ‘समर स्पेशल’ ट्रेन चलाने का निर्णय लिया है, जिसकी बुकिंग भी शुरू कर दी गई है।
सफर होगा आसान: अब नहीं बदलनी पड़ेगी ट्रेन
रेलवे विशेषज्ञ नागेश नामजोशी के अनुसार, अब तक इस रूट पर कोई सीधी ट्रेन न होने के कारण यात्रियों को कोटा या भोपाल जाकर ट्रेन बदलनी पड़ती थी। 04735/04736 नंबर की इस नई स्पेशल ट्रेन के शुरू होने से न केवल समय बचेगा, बल्कि यात्रियों को आरामदायक और सीधी यात्रा की सुविधा मिलेगी। यह ट्रेन इंदौर के लक्ष्मीबाई नगर स्टेशन से संचालित की जाएगी।
ट्रेन का समय और संचालन के दिन
श्रीगंगानगर से इंदौर (04735): यह ट्रेन 2 अप्रैल से 9 जुलाई 2026 तक हर गुरुवार दोपहर 12:50 बजे रवाना होकर अगले दिन दोपहर 1:55 बजे इंदौर पहुँचेगी।
इंदौर से श्रीगंगानगर (04736): यह ट्रेन 3 अप्रैल से 10 जुलाई 2026 तक हर शुक्रवार दोपहर 1:55 बजे रवाना होकर अगले दिन सुबह 9:55 बजे श्रीगंगानगर पहुँचेगी।
इन प्रमुख स्टेशनों से होकर गुजरेगी ट्रेन
यह ट्रेन मालवा और राजस्थान के कई महत्वपूर्ण शहरों को आपस में जोड़ेगी। इसके मुख्य ठहराव फतेहाबाद, रतलाम, मंदसौर, नीमच, चित्तौड़गढ़, भीलवाड़ा, अजमेर, किशनगढ़, सीकर, चूरू, सादुलपुर, हनुमानगढ़ और सूरतगढ़ जैसे स्टेशनों पर होंगे।
इस सीधी रेल सेवा से व्यापारियों, विद्यार्थियों और तीर्थयात्रियों को विशेष लाभ होगा। रेलवे अधिकारियों का कहना है कि यदि यात्रियों का रिस्पांस अच्छा रहा, तो भविष्य में इसे नियमित करने पर भी विचार किया जा सकता है।