छिंदवाड़ा सड़क हादसा: मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने जताया गहरा दुख, मृतकों के परिजनों को 4-4 लाख की सहायता का एलान

Bhopal/Chhindwara: मध्यप्रदेश के छिंदवाड़ा-नागपुर रोड पर गुरुवार शाम हुए हृदय विदारक सड़क हादसे पर मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने गहरी संवेदना व्यक्त की है। मुख्यमंत्री ने इस कठिन समय में प्रभावित परिवारों के साथ खड़े होने का भरोसा दिलाते हुए आर्थिक सहायता और घायलों के समुचित उपचार के लिए युद्ध स्तर पर निर्देश जारी किए हैं।
सहायता राशि और निःशुल्क उपचार की घोषणा
मुख्यमंत्री के निर्देशानुसार, इस भीषण दुर्घटना में जान गंवाने वाले नागरिकों के निकटतम परिजनों को 4-4 लाख रुपये की सहायता राशि प्रदान की जाएगी। वहीं, गंभीर रूप से घायलों को 1-1 लाख रुपये की आर्थिक मदद दी जाएगी। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि सभी घायलों का इलाज पूरी तरह निःशुल्क किया जाएगा, जिसका खर्च राज्य सरकार वहन करेगी।
राहत कार्यों की कमान: भोपाल से हो रही मॉनिटरिंग
हादसे की गंभीरता को देखते हुए मुख्यमंत्री ने स्वास्थ्य विभाग को राजधानी भोपाल में एक नियंत्रण कक्ष (Control Room) बनाने के निर्देश दिए हैं, जहाँ से घायलों के उपचार की सतत मॉनिटरिंग की जा रही है। घायलों की बेहतर देखभाल के लिए जबलपुर से डॉक्टरों के विशेष दल और पैरामेडिकल स्टाफ को तत्काल छिंदवाड़ा और नागपुर के लिए रवाना किया गया है।
सीएम का दिल्ली दौरा संक्षिप्त, खुद लेंगे घायलों का हाल
सूत्रों के अनुसार, मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव शुक्रवार दोपहर नई दिल्ली से लौटकर सीधे छिंदवाड़ा पहुंच सकते हैं। वे वहां घायलों से मुलाकात करेंगे और उनके उपचार की व्यवस्थाओं का जायजा लेंगे। मुख्यमंत्री ने छिंदवाड़ा जिला प्रभारी मंत्री श्री राकेश सिंह को भी अपने सभी कार्यक्रम स्थगित कर तत्काल मौके पर पहुँचने और पीड़ितों की सहायता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं।
मुख्यमंत्री ने दिवंगत आत्माओं की शांति के लिए प्रार्थना करते हुए कहा कि सरकार दुख की इस घड़ी में हर संभव मदद के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने स्थानीय प्रशासन को निर्देश दिए हैं कि राहत कार्यों में कोई कोताही न बरती जाए।