छिंदवाड़ा बस हादसे के पीड़ितों से मिले CM यादव: मृतकों के परिजनों को मिलेगी 4-4 लाख की सहायता राशि

छिंदवाड़ा/मोहखेड़: मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव शुक्रवार को छिंदवाड़ा जिले के मोहखेड़ तहसील के ग्राम करेर (विधानसभा सौंसर) पहुँचे। यहाँ उन्होंने बीते गुरुवार को हुई बस दुर्घटना के मृतकों के शोकाकुल परिजनों से व्यक्तिगत रूप से भेंट की और उन्हें सांत्वना प्रदान की। मुख्यमंत्री के चेहरे पर पीड़ा साफ़ झलक रही थी। उन्होंने आत्मीयता से शोक संतप्त परिवारों से चर्चा की और उन्हें ढाढ़स बँधाया।

पीड़ित परिवारों को ढांढस और आर्थिक मदद

मुख्यमंत्री ने शोक व्यक्त करते हुए कहा कि दुख की इस घड़ी में पूरी सरकार पीड़ित परिवारों के साथ खड़ी है। सीएम के निर्देश पर मृतकों के निकटतम परिजनों को 4-4 लाख रुपये और गंभीर रूप से घायलों को 1-1 लाख रुपये की सहायता राशि प्रदान की जा रही है। उन्होंने आश्वस्त किया कि किसी भी परिवार को अकेला नहीं छोड़ा जाएगा।

घायलों के बेहतर उपचार के निर्देश

डॉ. यादव ने स्पष्ट किया कि हादसे में घायल हुए सभी नागरिकों का इलाज पूरी तरह निःशुल्क किया जाएगा। प्रशासन को निर्देश दिए गए हैं कि घायलों को अच्छे से अच्छा उपचार उपलब्ध कराया जाए। स्वास्थ्य विभाग ने राजधानी भोपाल में एक विशेष नियंत्रण कक्ष (Control Room) स्थापित किया है, जहाँ से घायलों के स्वास्थ्य की पल-पल की मॉनिटरिंग की जा रही है।

इस दौरान मुख्यमंत्री ने प्रशासनिक अधिकारियों को भविष्य में ऐसी घटनाओं को रोकने के लिए सड़क सुरक्षा मानकों की समीक्षा करने के भी निर्देश दिए।