MP में ईंधन पर ‘पैनिक’: अफवाहों से बिगड़े हालात, भोपाल में 5 गुना बढ़ी सिलेंडर की बुकिंग

Bhopal News: मध्य प्रदेश में एलपीजी (LPG) और पेट्रोल-डीजल की किल्लत को लेकर फैली अफवाहों ने प्रदेशभर में हड़कंप मचा दिया है। आलम यह है कि राजधानी भोपाल सहित कई जिलों में लोग पैनिक बाइंग (घबराहट में खरीदारी) कर रहे हैं, जिससे सप्लाई चेन पर भारी दबाव आ गया है। भोपाल में रसोई गैस की बुकिंग सामान्य दिनों के मुकाबले 5 गुना तक बढ़ गई है।
एजेंसियों पर उमड़ी भीड़, 35 हजार बुकिंग पेंडिंग
राजधानी की एक गैस एजेंसी पर शुक्रवार को रिकॉर्ड 1600 बुकिंग दर्ज की गईं, जबकि वहां केवल 350 सिलेंडर का स्टॉक मौजूद था। फूड कंट्रोलर चंद्रभान सिंह जादौन के अनुसार, उपभोक्ता बुकिंग के तुरंत बाद सिलेंडर लेने खुद गोदाम पहुंच रहे हैं। वर्तमान में करीब 32 से 35 हजार बुकिंग पेंडिंग हैं, जिन्हें अगले 2-4 दिनों में क्लियर करने का आश्वासन दिया गया है।
पेट्रोल-डीजल की बिक्री ढाई गुना बढ़ी
अफवाहों का असर पेट्रोल पंपों पर भी साफ देखा जा रहा है। छोटे शहरों में बिक्री सामान्य से 2.5 गुना तक बढ़ गई है, जिससे कई जगहों पर ‘नो स्टॉक’ की स्थिति बन गई। हालांकि, सरकार का कहना है कि प्रदेश में रोजाना 1.85 करोड़ लीटर ईंधन की सप्लाई हो रही है और स्टॉक की कोई कमी नहीं है।
सरकार की अपील: अफवाहों पर न दें ध्यान
खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति मंत्री गोविंद सिंह राजपूत ने स्पष्ट किया है कि प्रदेश के बॉटलिंग प्लांट और डिपो पूरी क्षमता से काम कर रहे हैं। उन्होंने कहा, “ईंधन और गैस का पर्याप्त भंडार है। लोग घबराकर जरूरत से ज्यादा स्टॉक न करें, स्थिति पूरी तरह नियंत्रण में है।” प्रशासन ने जनता से धैर्य रखने और केवल आवश्यकतानुसार ही बुकिंग करने की अपील की है।