Ujjain News: प्रसिद्ध टीवी और फिल्म अभिनेत्री अंकिता लोखंडे मंगलवार तड़के बाबा महाकाल की शरण में पहुंचीं। अंकिता अपने पति और कारोबारी विक्की जैन के साथ विश्व प्रसिद्ध श्री महाकालेश्वर मंदिर की दिव्य ‘भस्म आरती’ में शामिल हुई।
तड़के करीब 4 बजे मंदिर पहुंचे इस जोड़े ने नंदी हॉल में बैठकर बाबा महाकाल का आशीर्वाद लिया और पूरी श्रद्धा के साथ आरती का लाभ उठाया।
नंदी के कान में कही मनोकामना
परंपरा का पालन करते हुए अंकिता और विक्की ने नंदी जी का पूजन किया और उनके कान में अपनी मनोकामना कही। इसके बाद उन्होंने मंदिर की देहरी से भगवान को जल अर्पित किया। इंदौर की रहने वाली अंकिता ने इस अनुभव को बेहद खास बताया।
भस्म आरती का पहला अनुभव
मीडिया से चर्चा करते हुए अंकिता ने भावुक होकर कहा कि “मैं इंदौर की हूं और बचपन में कई बार यहाँ आई हूँ, लेकिन भस्म आरती में शामिल होने का यह मेरा पहला अवसर था। जो अनुभूति आज हुई, उसे शब्दों में बयान करना मुश्किल है। साक्षात महाकाल के सामने बैठने का अनुभव सोशल मीडिया पर वीडियो देखने से बिल्कुल अलग और दिव्य है।”
एक्ट्रेस ने मंदिर की सुव्यवस्थित दर्शन व्यवस्था की भी जमकर तारीफ की। गौरतलब है कि अंकिता इन दिनों अपनी पेशेवर व्यस्तताओं के बीच समय निकालकर धार्मिक यात्राओं पर हैं।