MP Board 12th Result: मध्य प्रदेश माध्यमिक शिक्षा मंडल की कक्षा 12वीं का परिणाम इस वर्ष बेहद खास रहा। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव द्वारा जारी किए गए नतीजों ने पिछले 16 वर्षों का रिकॉर्ड तोड़ दिया है। इस बार का कुल पास प्रतिशत 76.01% दर्ज किया गया, जो पिछले डेढ़ दशक में सबसे बेहतर है।
भोपाल की बेटियों ने किया नाम रोशन
मेरिट लिस्ट में राजधानी भोपाल की दो छात्राओं ने संयुक्त रूप से शीर्ष स्थान हासिल कर प्रदेश का मान बढ़ाया है। खुशी राय (सुभाष एक्सीलेंस स्कूल, शिवाजी नगर) और चांदनी विश्वकर्मा (गुरुदेव शिक्षा केन्द्र, नीलबड़) 12वीं की स्टेट टॉपर बनी हैं। दोनों मेधावियों ने 500 में से 494 अंक प्राप्त कर अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाया।
छात्राओं ने मारी बाजी, झाबुआ जिला रहा अव्वल
हर बार की तरह इस बार भी परीक्षा परिणामों में छात्राओं का दबदबा रहा।
छात्राओं का पास प्रतिशत: 79.41%
छात्रों का पास प्रतिशत: 72.39%
टॉप जिले: झाबुआ प्रथम और अनूपपुर दूसरे स्थान पर रहा।
नई शिक्षा नीति: अब कोई सप्लीमेंट्री नहीं
बोर्ड ने इस बार एक बड़ा बदलाव किया है—किसी भी छात्र को ‘सप्लीमेंट्री’ घोषित नहीं किया गया है। जो छात्र सफल नहीं हो पाए हैं, उनके लिए नई शिक्षा नीति के तहत 7 मई 2026 से ‘द्वितीय अवसर परीक्षा’ आयोजित की जाएगी। इसके साथ ही छात्रों की सहायता के लिए हेल्पलाइन नंबर 18002330175 भी जारी किया गया है।
बता दें कि 10 फरवरी से 7 मार्च के बीच हुई इस परीक्षा में करीब 6.89 लाख परीक्षार्थी शामिल हुए थे। हालांकि लगभग 1.99 लाख विद्यार्थी सफल नहीं हो सके, लेकिन द्वितीय अवसर परीक्षा उनके लिए एक नई उम्मीद बनकर आई है।