इंदौर: नगर निगम के बजट सत्र के दौरान राष्ट्रगीत ‘वंदे मातरम’ के कथित अनादर मामले ने अब तूल पकड़ लिया है। इस मामले में पुलिस ने कड़ी कार्रवाई करते हुए कांग्रेस की दो महिला पार्षदों, रुबीना इकबाल खान और फौजिया शेख अलीम के खिलाफ आपराधिक मुकदमा दर्ज किया है।
भाजपा पार्षदों की शिकायत पर एक्शन
यह कार्रवाई एमजी रोड पुलिस द्वारा भाजपा पार्षद दल की औपचारिक शिकायत और घटना के वायरल वीडियो की प्रारंभिक जांच के बाद की गई है। भाजपा पार्षदों का आरोप है कि बजट सत्र के दौरान जब राष्ट्रगीत बज रहा था, तब इन पार्षदों ने इसका गरिमापूर्ण सम्मान नहीं किया, जिससे धार्मिक और राष्ट्रीय भावनाओं को ठेस पहुंची है।
साढ़े चार घंटे की सघन पूछताछ
एफआईआर दर्ज करने से पहले पुलिस ने दोनों महिला पार्षदों को थाने तलब किया था। सोमवार को पार्षद फौजिया शेख अलीम और मंगलवार को रुबीना इकबाल खान से करीब साढ़े चार घंटे तक सघन पूछताछ की गई। पुलिस ने उनके बयान दर्ज किए और वायरल वीडियो के आधार पर घटनाक्रम की पुष्टि की।
भारतीय न्याय संहिता (BNS) के तहत केस दर्ज
सूत्रो के अनुसार बताया जा रहा है कि जांच और बयानों के आधार पर पुलिस ने दोनों पार्षदों के विरुद्ध भारतीय न्याय संहिता की धारा 196/1 (विभिन्न समूहों के बीच शत्रुता को बढ़ावा देना और सद्भाव बिगाड़ना) के तहत प्रकरण पंजीबद्ध किया है।
नगर निगम की राजनीति में इस मामले के बाद सरगर्मी बढ़ गई है। जहाँ भाजपा इसे राष्ट्र का अपमान बता रही है, वहीं कांग्रेस खेमे में इस कार्रवाई को लेकर मंथन जारी है। पुलिस अब इस मामले में आगे की कानूनी औपचारिकताएं पूरी कर रही है।