उज्जैन: हिंदी और तेलुगु फिल्मों की जानी-मानी अभिनेत्री और पूर्व मिस वर्ल्ड टूरिज्म सोनल चौहान गुरुवार तड़के विश्व प्रसिद्ध ज्योतिर्लिंग भगवान महाकालेश्वर के दरबार पहुंचीं। भक्ति के रंग में डूबी अभिनेत्री ने बाबा महाकाल की विशेष भस्म आरती में सहभागिता की और विश्व कल्याण की कामना की।
सोनल चौहान रात करीब 2 बजे ही मंदिर परिसर पहुंच गई थीं। उन्होंने नंदी हॉल में बैठकर लगभग दो घंटे तक भगवान शिव की आराधना की। आरती के दौरान वे पूरी श्रद्धा के साथ महाकाल का जाप करती नजर आईं। भस्म आरती संपन्न होने के बाद, उन्होंने नंदी जी का विधि-विधान से पूजन किया और प्राचीन परंपरा के अनुसार उनके कान में अपनी मनोकामना कही।
जन्नत फिल्म से बॉलीवुड में अपनी पहचान बनाने वाली सोनल ने भगवान की देहरी से दर्शन कर जलाभिषेक किया। इस अवसर पर महाकाल मंदिर प्रबंध समिति द्वारा उन्हें स्मृति चिह्न भेंट कर सम्मानित भी किया गया।
सोनल चौहान न केवल अपनी अदाकारी बल्कि अपनी सुंदरता के लिए भी जानी जाती हैं। वे 2005 में फेमिना मिस इंडिया रह चुकी हैं और उसी वर्ष उन्होंने मिस वर्ल्ड टूरिज्म का खिताब जीतकर देश का नाम रोशन किया था। दर्शन के बाद उन्होंने मंदिर की शांति और दिव्यता को एक अद्भुत अनुभव बताया।