शाह का बड़ा बयान-“बंगाल का अगला CM यहीं जन्म लेने वाला होगा, बस दीदी का भतीजा नहीं होगा”

पश्चिम बंगाल में पहले चरण के रिकॉर्ड मतदान के बाद केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने प्रेस कॉन्फ्रेंस कर ममता सरकार पर जमकर निशाना साधा। शाह ने अपने भाषण के दौरान कहा कि बंगाल में हो रही ‘बंपर वोटिंग’ दरअसल भय से भरोसे की ओर जनता की यात्रा है।

चुनावी समीकरण और जीत का दावा

अमित शाह ने विश्वास जताते हुए कहा कि भाजपा पहले चरण की 152 सीटों में से 110 सीटें जीत रही है। उन्होंने घोषणा की कि 4 मई को राज्य में भाजपा की सरकार बनेगी। ममता बनर्जी के बाहरी बनाम भीतरी के विमर्श पर पलटवार करते हुए शाह ने साफ किया, “बंगाल का अगला मुख्यमंत्री यहीं की मिट्टी में जन्मा कोई भाजपा कार्यकर्ता होगा, न कि दीदी का भतीजा (अभिषेक बनर्जी)।”

शाह के संबोधन की 4 मुख्य बातें:

  • महिला सुरक्षा: शाह ने कहा कि हमारी सरकार की पहली प्राथमिकता महिलाओं की सुरक्षा है। 5 मई के बाद बंगाल की बेटियां रात में भी बिना किसी डर के बाहर निकल सकेंगी।

  • भ्रष्टाचार पर वार: भाजपा सरकार बनने पर भ्रष्टाचार की जांच सुप्रीम कोर्ट के रिटायर्ड जज से कराई जाएगी और दोषियों को सजा दी जाएगी।

  • परिवर्तन का अर्थ: शाह के अनुसार, परिवर्तन का मतलब केवल मुख्यमंत्री या दल बदलना नहीं, बल्कि बंगाल को घुसपैठ मुक्त बनाना है।

  • मातृशक्ति का जवाब: महिला आरक्षण के विरोध को लेकर शाह ने कहा कि बंगाल की महिलाएं दीदी को वोट की चोट से इसका करारा जवाब देंगी।

गौरतलब है कि पहले चरण में बंगाल में 92.72% ऐतिहासिक मतदान हुआ है, जिसे भाजपा अपने पक्ष में लहर मान रही है। दूसरे चरण का मतदान 29 अप्रैल को होगा।