भोपाल: मध्यप्रदेश में अप्रैल के महीने में ही जेठ की तपिश जैसा अहसास होने लगा है। प्रदेश के कई हिस्सों में सूरज आग उगल रहा है, जिससे जनजीवन बुरी तरह प्रभावित हुआ है। मौसम विभाग (IMD) ने शनिवार को ग्वालियर और उज्जैन समेत 23 जिलों में ‘लू’ (Heat Wave) की चेतावनी जारी की है। भीषण गर्मी के बीच सबसे ज्यादा परेशानी स्कूली बच्चों को हो रही है, क्योंकि कई जिलों में अब तक छुट्टियां घोषित नहीं की गई हैं।
खजुराहो में पारा 44 डिग्री के करीब
वर्तमान में छतरपुर जिला प्रदेश का सबसे गर्म इलाका बना हुआ है। शुक्रवार को खजुराहो में अधिकतम तापमान 43.9 डिग्री और नौगांव में 43.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। बड़े शहरों की बात करें तो ग्वालियर 42.1 डिग्री के साथ सबसे तप रहा है, जबकि राजधानी भोपाल में पारा 41.6 डिग्री तक पहुंच गया है।
स्कूलों की छुट्टी नहीं, केवल समय में बदलाव
भीषण गर्मी और लू के थपेड़ों के बावजूद भोपाल सहित कई जिलों में स्कूलों की पूर्ण छुट्टी नहीं हुई है। हालांकि, प्रशासन ने स्कूली समय में कटौती कर इसे सुबह 7:00 से दोपहर 12:00 बजे तक सीमित कर दिया है। अभिभावकों की चिंता है कि छुट्टी के वक्त (दोपहर 12 बजे) भी धूप काफी तेज होती है, जिससे बच्चों के स्वास्थ्य पर बुरा असर पड़ रहा है।
राहत की खबर: सतना, रीवा और नर्मदापुरम जैसे कुछ जिलों ने गंभीरता दिखाते हुए कक्षा 5वीं या 8वीं तक के बच्चों के लिए 30 अप्रैल तक अवकाश घोषित कर दिया है।
इन जिलों में आज लू का अलर्ट
मौसम विभाग के अनुसार शनिवार को ग्वालियर, मुरैना, भिंड, दतिया, निवाड़ी, टीकमगढ़, छतरपुर, पन्ना, सतना, रीवा, मऊगंज, उमरिया, डिंडौरी, मंडला, बालाघाट, नीमच, मंदसौर, आगर-मालवा, रतलाम, उज्जैन, झाबुआ, धार और आलीराजपुर में तीव्र लू चलने की संभावना है।

27 अप्रैल से मिल सकती है मामूली राहत
मौसम वैज्ञानिकों का अनुमान है कि एक नए पश्चिमी विक्षोभ (Western Disturbance) के सक्रिय होने से 27 और 28 अप्रैल को ग्वालियर, जबलपुर और सागर संभाग में बादल छा सकते हैं और गरज-चमक के साथ हल्की बूंदाबांदी हो सकती है। इससे तापमान में 2-3 डिग्री की गिरावट आने की उम्मीद है।
स्वास्थ्य विभाग की एडवायजरी
-
दोपहर 12 से 4 बजे के बीच बेवजह बाहर निकलने से बचें।
-
शरीर को हाइड्रेट रखने के लिए पर्याप्त पानी, ओआरएस या नींबू पानी पिएं।
-
हल्के रंग के सूती कपड़े पहनें और सिर को ढक कर रखें।