Indore News: इंदौर शहर के मल्हारगंज थाना क्षेत्र स्थित चौथी पल्टन पुलिस लाइन में उस वक्त सनसनी फैल गई, जब ट्रैफिक विभाग में पदस्थ एक युवा जवान का शव उसके कमरे में फंदे से लटका मिला। 28 वर्षीय जवान अंकित तोमर की मौत की खबर मिलते ही पुलिस विभाग में हड़कंप मच गया और वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे।
देर रात सामने आई घटना
सूत्रो के मुताबिक मूल रूप से मेरठ (उत्तर प्रदेश) के रहने वाले अंकित तोमर इंदौर ट्रैफिक पुलिस में अपनी सेवाएं दे रहे थे। वे पुलिस लाइन स्थित सरकारी क्वार्टर में अकेले रहते थे। घटना का खुलासा तब हुआ जब देर रात तक उनके कमरे का दरवाजा नहीं खुला। साथी कर्मचारियों को संदेह होने पर जब उन्होंने अंदर झांका, तो अंकित का शव फंदे से लटका देख उनके होश उड़ गए।
आत्महत्या का कारण फिलहाल रहस्य
सूत्रो के अनुसार बताया जा रहा है कि घटनास्थल पर पहुंची फॉरेंसिक टीम और पुलिस अधिकारियों ने साक्ष्य जुटाए हैं। पुलिस को मौके से कोई सुसाइड नोट बरामद हुआ है या नहीं, इसकी अभी आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है।
संभावित कारण: प्राथमिक जांच में कयास लगाए जा रहे हैं कि जवान किसी निजी तनाव या ड्यूटी के अत्यधिक दबाव में हो सकता है।
पुलिस की कार्रवाई: मल्हारगंज थाना पुलिस ने मर्ग कायम कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मृतक के परिजनों को सूचना दे दी गई है।
सवालों के घेरे में जवानों का मानसिक स्वास्थ्य
एक युवा और ऊर्जावान जवान के इस तरह आत्मघाती कदम उठाने से पुलिस महकमे में शोक की लहर है। यह घटना एक बार फिर पुलिसकर्मियों के मानसिक स्वास्थ्य और काम के बोझ की ओर इशारा करती है। पुलिस अब अंकित के मोबाइल कॉल डिटेल्स और साथियों के बयानों के आधार पर मौत की असली वजह तलाशने में जुटी है।