उज्जैन के विक्रम विश्वविद्यालय में दहशत का माहौल: कृषि अध्ययनशाला के गेट पर लाल अक्षरों में लिखा ‘तुम सब मरोगे’

उज्जैन: सम्राट विक्रमादित्य विश्वविद्यालय की कृषि अध्ययनशाला में सोमवार सुबह उस वक्त सनसनी फैल गई, जब नई बिल्डिंग के मुख्य द्वार पर तंत्र-मंत्र की सामग्री और जान से मारने की धमकी भरा संदेश मिला। अज्ञात शरारती तत्वों ने चैनल गेट के पास दीवार पर कुंकू (सिंदूर) से बड़े अक्षरों में “तुम सब मरोगे” लिख दिया, जिससे छात्रों, शिक्षकों और कर्मचारियों में दहशत का माहौल है।
सुबह बोरिंग चालू करते समय हुआ खुलासा
जानकारी के अनुसार, घटना रविवार रात 2 से 3 बजे के बीच की बताई जा रही है। सोमवार सुबह जब छात्र आशीष बोरिंग चालू करने गया, तो उसने मुख्य द्वार पर एक मटकी, लाल कपड़ा और बिखरा हुआ कुंकू देखा। पास ही दीवार पर खौफनाक चेतावनी लिखी हुई थी। देखते ही देखते यह खबर पूरे परिसर में फैल गई और मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई। घटना के फोटो और वीडियो सोशल मीडिया पर भी तेजी से वायरल हो रहे हैं।
नई बिल्डिंग में 10 दिन पहले ही शुरू हुई हैं कक्षाएं
हैरानी की बात यह है कि इस नई बिल्डिंग में करीब 10 दिन पहले ही शैक्षणिक कार्य शुरू हुआ है, जहाँ वर्तमान में लगभग 1100 छात्र पढ़ाई कर रहे हैं। कर्मचारियों के अनुसार, रात 2 बजे तक स्टाफ वहां जाग रहा था, लेकिन अंधेरे का फायदा उठाकर अज्ञात लोगों ने इस वारदात को अंजाम दिया। घटना की जानकारी मिलते ही विश्वविद्यालय प्रशासन ने तत्काल मौके से सामग्री हटवाई और दीवार पर लिखे संदेश को पुताई करवाकर मिटा दिया गया है।
सीसीटीवी की कमी बनी चुनौती
सूत्रो के अनुसार बताया जा रहा है कि विश्वविद्यालय परिसर की इस नई बिल्डिंग के बाहर फिलहाल सीसीटीवी कैमरे नहीं लगे हैं। कैमरों के अभाव में आरोपियों की पहचान करना प्रबंधन के लिए बड़ी चुनौती बना हुआ है। हालांकि, प्रशासन मामले की आंतरिक जांच कर रहा है और सुरक्षा व्यवस्था बढ़ाने पर विचार कर रहा है।
इस घटना ने विश्वविद्यालय की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं। छात्रों और शिक्षकों ने मांग की है कि परिसर में सुरक्षा गार्डों की तैनाती बढ़ाई जाए और सीसीटीवी कैमरे जल्द से जल्द लगाए जाएं ताकि भविष्य में ऐसी अप्रिय घटनाओं को रोका जा सके।