Raja Raghuvanshi Murder: मध्य प्रदेश के इंदौर के बहुचर्चित राजा रघुवंशी हत्याकांड में एक नया मोड़ आ गया है। शादी के बाद हनीमून के दौरान पति राजा की बेरहमी से हत्या करने की मुख्य आरोपी सोनम रघुवंशी को कोर्ट से जमानत मिल गई है। इस फैसले से स्तब्ध और आक्रोशित राजा का परिवार अब जमानत रद्द कराने के लिए कानूनी लड़ाई की तैयारी कर रहा है। सूत्रो के मुताबिक राजा के भाई विपिन रघुवंशी ने सोनम की जमानत को खारिज करवाने के लिए मेघालय हाईकोर्ट में अपील दाखिल करेंगे। जिसके लिए कानूनी प्रक्रिया शुरू हो चुकी है।
हाईकोर्ट में जमानत खारिज कराने की प्रक्रिया शुरू
सोनम रघुवंशी को मिली जमानत के बाद राजा के बड़े भाई विपिन ने शिलॉन्ग के स्थानीय वकीलों से संपर्क साधा है। वे स्वयं शिलॉन्ग नहीं जा रहे हैं, लेकिन डिजिटल और डाक के माध्यम से कानूनी प्रक्रिया पूरी की जा रही है। वकील ने जरूरी दस्तावेज भेज दिए हैं, जिन पर हस्ताक्षर कर वापस भेजने की तैयारी है। सूत्रो के अनुसार जमानत रद्द करने की इस कानूनी प्रक्रिया में एक सप्ताह का वक्त लग सकता है।
सोनम रघुवंशी की जमानत के फैसले पर मृतक राजा की मां उमा रघुवंशी ने गहरा दुख व्यक्त किया है। उन्होंने कहा कि उन्हें इस फैसले पर विश्वास नहीं हो रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि यदि सोनम इंदौर आती है, तो वे उससे आमने-सामने पूछेंगी कि आखिर राजा का क्या कसूर था कि उसे मौत के घाट उतार दिया गया.
हनीमून पर रची गई थी मौत की साजिश
यह खौफनाक मामला मई 2025 का है। ट्रांसपोर्ट कारोबारी राजा रघुवंशी की शादी 11 मई 2025 को सोनम से हुई थी। शादी के महज 10 दिन बाद, 21 मई को दोनों हनीमून के लिए मेघालय के शिलॉन्ग पहुंचे थे।
जांच के अनुसार, सोनम के राज कुशवाहा नामक व्यक्ति से प्रेम संबंध थे। इसी के चलते उसने अपने प्रेमियों और साथियों के साथ मिलकर राजा को रास्ते से हटाने की साजिश रची। 23 मई को सोनम, राजा को घूमने के बहाने एक मेघालय के शिलॉन्ग में सोहरा की खाई तरफ सुनसान इलाके में ले गई, जहां पहले से मौजूद आरोपी (आकाश, आनंद और विशाल) ने राजा पर धारदार हथियारों से हमला कर दिया। हत्या के बाद शव को 30 फीट गहरी खाई में फेंक दिया गया था।
अब तक की पुलिस कार्रवाई
शव की बरामदगी: लापता होने के 10 दिन बाद पुलिस ने राजा का क्षत-विक्षत शव बरामद किया था.
गिरफ्तारी: वारदात के बाद सोनम ने उत्तर प्रदेश में सरेंडर किया था, जिसके बाद पुलिस ने मुख्य पांच आरोपियों सहित सबूत मिटाने वाले तीन अन्य लोगों को भी गिरफ्तार किया था.
हथियार की बरामदगी: पुलिस ने हत्या में प्रयुक्त एक छुरा जंगल से बरामद किया था.
परिवार के गंभीर आरोप
राजा के परिवार ने न केवल सोनम, बल्कि उसके माता-पिता और भाई पर भी इस साजिश में शामिल होने या तथ्यों को छुपाने के गंभीर आरोप लगाए हैं. वर्तमान में मामले के अन्य आरोपी न्यायिक हिरासत में हैं, लेकिन मुख्य आरोपी को जमानत मिलने से पीड़ित परिवार को डर है कि इससे केस की निष्पक्षता प्रभावित हो सकती है. परिवार का कहना है कि वे तब तक चैन से नहीं बैठेंगे जब तक राजा के हत्यारों को कड़ी से कड़ी सजा नहीं मिल जाती।