इंदौर। शहर में आज हुए स्टेट बार एसोसिएशन के चुनाव के लिए महापौर पुष्यमित्र भार्गव मतदान करने पहुंचे। जहां इन्होने सपत्नीक मतदान करके सभी प्रत्याशियों की हौसला अफजाई की। यहां मीडिया से चर्चा में कहा कि “मेरे लिए यह अत्यंत गौरव और संतोष का विषय है कि मैं भी इस प्रतिष्ठित विधिक बिरादरी का हिस्सा हूं। ” लोकतंत्र की इस महत्वपूर्ण प्रक्रिया में अपनी सहभागिता सुनिश्चित करने के लिए मैं अपनी पत्नी के साथ मतदान करने पहुंचा हूं

महापौर पुष्यमित्र भार्गव ने यह बात जिला कोर्ट में मतदान के दौरान कही उन्होंने कहा कि मध्य प्रदेश की विधिक व्यवस्था में मध्य प्रदेश की स्टेट बार काउंसिल सर्वोच्च निर्वाचित संस्था है। इस परिषद में पूरे प्रदेश से 25 सदस्य चुने जाते हैं, जो राज्य के लाखों अधिवक्ताओं काप्रतिनिधित्व करते हैं और वकालत पेशे की गरिमा, अनुशासन तथा अधिकारों की रक्षा में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।

आज मध्य प्रदेश के एक लाख से अधिक अधिवक्ता इस लोकतांत्रिक प्रक्रिया में भाग लेकर अपने प्रतिनिधियों का चुनाव कर रहे हैं।
महापौर ने कहा कि यह केवल मतदान नहीं, बल्कि न्याय व्यवस्था, अधिवक्ताओं की स्वायत्तता और पेशे की गरिमा के प्रति हमारी प्रतिबद्धता की अभिव्यक्ति है। लोकतंत्र तभी मजबूत होता है जब प्रत्येक जागरूक नागरिक और पेशेवर अपने अधिकारों के साथ-साथ अपने दायित्वों का भी निर्वहन करे। आज का यह मतदान उसी जिम्मेदारी का प्रतीक है।