पर्यूषण पर्व पर भक्ति में डूबा इंदौर, मनमोहन पार्श्वनाथ मंदिर में उमड़ा श्रद्धालुओं का सैलाब

पार्श्वनाथ सोसायटी स्थित श्री मनमोहन पार्श्वनाथ मंदिर एवं गुरु मंदिर, मनमोहन पार्श्वनाथ मार्ग पर पर्यूषण पर्व के अवसर पर आज अद्भुत एवं ऐतिहासिक धार्मिक माहौल देखने को मिला। मंदिर परिसर भक्तों की आस्था और भक्ति से सराबोर रहा। इस अवसर पर भक्तांबर ग्रुप द्वारा भव्य भक्ति कार्यक्रम का आयोजन किया गया, जिसमें हजारों की संख्या में श्रावक-श्राविकाओं ने उत्साहपूर्वक भाग लेकर भक्ति का आनंद लिया।

सुबह धार्मिक कार्यक्रमों की शुरुआत भक्तांबर पाठ से हुई। इसके पश्चात स्नात्र पूजा एवं चंदन से विशेष पूजा-अर्चना की गई। पूजा-अर्चना के लिए बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहे।
मुंबई से आए कलाकारों द्वारा मंदिर परिसर में आकर्षक फूलों की भव्य सजावट की गई, जिसने मंदिर की सुंदरता में चार चाँद लगा दिए। रात्रि में भव्य आरती का आयोजन किया गया। दीपकों से पूरे मंदिर परिसर को सजाया गया, जिससे वातावरण अत्यंत मनोहारी और भक्तिमय हो गया।

आरती में हजारों की संख्या में श्रद्धालुओं की उपस्थिति रही और पूरा परिसर भगवान की भक्ति एवं जयकारों से गूंज उठा। कार्यक्रम की समस्त जानकारी संस्था के अध्यक्ष जयसिंह जैन ने दी। उन्होंने बताया कि पर्यूषण पर्व के दौरान श्रद्धालुओं में विशेष उत्साह देखने को मिल रहा है और इस प्रकार के धार्मिक आयोजन समाज में धर्म एवं संस्कारों के प्रति जागरूकता बढ़ाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।