इंदौर में लड़कियों के बीच सरेराह मारपीट: युवक के साथ मिलकर युवती को बेरहमी से पीटा;VIDEO वायरल

Indore News: इंदौर में आए दिन मारपीट के वीडियो सामने आ रहे है। ताजा मामला हीरानगर इलाके का है, जहां एक गार्डन और सड़क पर लड़कियों के बीच जमकर लात-घूंसे चले। सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे इस वीडियो में कुछ लड़कियां एक युवक के साथ मिलकर एक अन्य युवती की बेरहमी से पिटाई करती नजर आ रही है।
छेड़छाड़ और कमेंट्स बना विवाद का कारण
शुरुआती जानकारी के अनुसार, इस पूरे फसाद की जड़ छेड़छाड़ और आपत्तिजनक कमेंट्स बताए जा रहे हैं। वायरल वीडियो में देखा जा सकता है कि आरोपी लड़कियों ने पीड़ित युवती को चारों तरफ से घेर लिया और उस पर ताबड़तोड़ हमला कर दिया। हैरान करने वाली बात यह है कि इस दौरान वहां मौजूद उनके साथी बीच-बचाव करने के बजाय पूरी घटना का वीडियो बनाते रहे, जिसे बाद में सोशल मीडिया पर डाल दिया गया।
पुलिस की कार्रवाई और जांच
इंदौर पुलिस ने वायरल वीडियो का संज्ञान लेते हुए मामले की जांच शुरू कर दी है। हालांकि, अभी तक इस संबंध में किसी भी पक्ष की ओर से औपचारिक शिकायत दर्ज नहीं कराई गई है।
  • पहचान की कोशिश: पुलिस वीडियो के आधार पर मारपीट करने वाली लड़कियों और उस युवक की शिनाख्त कर रही है।
  • पुलिस का बयान: अधिकारियों का कहना है कि जैसे ही कोई पीड़ित पक्ष सामने आता है, नियमानुसार कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
लगातार सामने आ रहे ऐसे मामले
गौरतलब है कि इंदौर में इस तरह की यह पहली घटना नहीं है। इससे पहले बाणेश्वरी कुंड का भी एक वीडियो वायरल हुआ था, जिसमें युवक-युवती की सरेआम पिटाई की गई थी। उस मामले में पुलिस ने आरोपियों की पहचान कर कार्रवाई शुरू कर दी है। शहर में लगातार बढ़ती ऐसी घटनाएं सार्वजनिक स्थलों पर सुरक्षा और अनुशासन पर गंभीर सवाल खड़े कर रही हैं।