Ujjain News: विश्व प्रसिद्ध श्री महाकालेश्वर मंदिर उज्जैन में सोमवार को भक्ति और समर्पण का अनूठा उदाहरण देखने को मिला। सूत्रो के अनुसार बताया जा रहा है कि गुजरात के अहमदाबाद से आए एक श्रद्धालु परिवार ने बाबा महाकाल के चरणों में करीब 70 लाख रुपये मूल्य के चांदी के आभूषण और पूजन सामग्री अर्पित की। भक्त ने कुल 29 किलो 941 ग्राम वजन के रजत आभूषण मंदिर समिति को दान किए हैं।
श्रृंगार में शामिल होंगी ये खास वस्तुएं
बताया जा रहा है कि दानदाता महेश भाई भगवानदास ठाकुर ने सपरिवार मंदिर पहुंचकर बाबा के प्रति अपनी अगाध श्रद्धा व्यक्त की। दान की गई सामग्रियों में बाबा महाकाल के दिव्य श्रृंगार के लिए अत्यंत सुंदर वस्तुएं शामिल हैं:
चांदी की पगड़ी और गंगाजली युक्त मुकुट
नागफन, सूर्यकिरण और चंद्रमा जड़ित विशिष्ट मुकुट
मुण्डमाला, कुंडल, रुद्राक्ष माला और त्रिपुण्ड
रजत डमरू, घंटी, चंवर, गरुड़ और धूपिया
बाजार मूल्य और शुद्धता
इन आभूषणों का बाजार मूल्य लगभग 70 लाख रुपये आंका गया है। हालांकि, मंदिर समिति नियमानुसार चांदी की शुद्धता की जांच के बाद इसकी वास्तविक कीमत का अंतिम आकलन करेगी। इस पुनीत कार्य के लिए श्री महाकालेश्वर मंदिर प्रबंध समिति ने दानदाता परिवार का भव्य स्वागत और सम्मान किया। अब इन नए आभूषणों से बाबा महाकाल का दिव्य श्रृंगार और भी भव्य स्वरूप में नजर आएगा।