Bollywood: आज के दौर में जहां स्टार किड्स के लिए बॉलीवुड की राह आसान मानी जाती है, वहीं एक ऐसी अदाकारा भी हैं जिन्होंने फिल्मी बैकग्राउंड से होने के बावजूद अपनी पहली फिल्म सोशल मीडिया के जरिए हासिल की थी। हम बात कर रहे हैं बॉलीवुड की ‘बबली गर्ल’ श्रद्धा कपूर की, जिनके करियर की शुरुआत की कहानी किसी फिल्मी स्क्रिप्ट से कम नहीं है।
फेसबुक से मिला था पहला ब्रेक
यह उस दौर की बात है जब आज की तरह इंस्टाग्राम का बोलबाला नहीं था। श्रद्धा कपूर की सादगी और खूबसूरती ने निर्माता अंबिका हिंदुजा का ध्यान फेसबुक पर खींचा। श्रद्धा की कुछ तस्वीरों को देखकर अंबिका इतनी प्रभावित हुईं कि उन्होंने तुरंत उनके भाई से संपर्क किया।
इसके बाद ऑडिशन का सिलसिला शुरू हुआ और श्रद्धा को साल 2010 की फिल्म ‘तीन पत्ती’ में दिग्गज एक्टर अमिताभ बच्चन और बेन किंग्सले जैसे दिग्गजों के साथ काम करने का मौका मिला।
शुरुआती संघर्ष और असफलताएं
भले ही पहली फिल्म में दिग्गज कलाकार थे, लेकिन ‘तीन पत्ती’ बॉक्स ऑफिस पर औंधे मुंह गिर गई। इसके बाद 2011 में आई उनकी फिल्म ‘लव का द एंड’ भी कुछ खास कमाल नहीं दिखा सकी। एक समय ऐसा था जब श्रद्धा के करियर पर सवाल उठने लगे थे, लेकिन उन्होंने हार नहीं मानी और ऑडिशन देना जारी रखा।
‘आशिकी 2’ से रातों-रात बनीं सुपरस्टार
श्रद्धा की किस्मत का सितारा साल 2013 में चमका, जब मोहित सूरी ने उन्हें ‘आशिकी 2’ के लिए चुना। फिल्म में ‘आरोही’ के किरदार और उनकी मासूमियत ने देशभर के युवाओं को अपना दीवाना बना लिया। इस फिल्म ने न केवल बॉक्स ऑफिस के सारे रिकॉर्ड तोड़े, बल्कि श्रद्धा को बॉलीवुड की टॉप एक्ट्रेसेस की कतार में खड़ा कर दिया।

हिट फिल्मों का सफरनामा
‘आशिकी 2’ की सफलता के बाद श्रद्धा ने कभी पीछे मुड़कर नहीं देखा। उन्होंने अपनी वर्सटाइल एक्टिंग से हर तरह के किरदारों को जिया:
-
एक्शन: ‘बागी’ और ‘साहो’ में जबरदस्त स्टंट्स दिखाए।
-
डांस: ‘एबीसीडी 2’ और ‘स्ट्रीट डांसर 3D’ में अपनी डांसिंग स्किल से सबको चौंकाया।
-
कॉमेडी और हॉरर: ‘स्त्री’ और ‘छिछोरे’ जैसी फिल्मों ने उन्हें क्रिटिक्स का पसंदीदा बना दिया।

