इंदौर के महालक्ष्मी नगर में किन्नरों का अवैध वसूली का बड़ा मामला: पुलिस की भूमिका पर भी उठे सवाल

Indore News: इंदौर के लसूड़िया थाना क्षेत्र स्थित महालक्ष्मी नगर में एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है। सूत्रो के मुताबिक इस मामले में डॉ. आशीष चौहान ने शिकायत में बताया कि 23 मार्च 2026 की सुबह करीब 10 बजे 15-20 किन्नर एक इको वैन में सवार होकर उनके घर में बिना अनुमति घुस आए। उस समय घर पर उनकी माताजी और छोटे भाई की पत्नी अकेली थीं।
अभद्र व्यवहार और लाखों की मांग का आरोप
शिकायत के अनुसार, किन्नरों ने घर के अंदर हंगामा किया, अभद्र भाषा का प्रयोग किया और कथित रूप से अशोभनीय हरकतें कीं। पीड़ित परिवार को डराते-धमकाते हुए ₹5 लाख की अवैध मांग की गई।
डायल 100 के बाद भी नहीं मिली राहत
परिवार की सुरक्षा के लिए डायल 100 पर कॉल किया गया, जिसके बाद मौके पर दो पुलिसकर्मी पहुंचे। लेकिन आरोप है कि पुलिसकर्मियों ने स्थिति संभालने के बजाय किन्नरों का पक्ष लिया और परिवार पर पैसे देने का दबाव बनाया।
पुलिस की मौजूदगी में ₹81 हजार की वसूली
शिकायत में कहा गया है कि पुलिसकर्मियों ने खुद कहा कि कम से कम ₹51,000 तो देने ही पड़ेंगे। दबाव और डर के माहौल में परिवार ने कथित रूप से ₹81,000 की राशि किन्नरों को दे दी।
CCTV और ऑडियो रिकॉर्डिंग को बताया सबूत
डॉ. चौहान का दावा है कि पूरी घटना उनके घर के CCTV कैमरों में कैद है। साथ ही, मौके पर मौजूद पुलिसकर्मियों के साथ हुई बातचीत की ऑडियो रिकॉर्डिंग भी उनके पास मौजूद है, जो उनकी संलिप्तता की पुष्टि करती है।
दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग
पीड़ित ने थाना प्रभारी लसूड़िया को लिखित आवेदन देकर मामले की निष्पक्ष जांच की मांग की है। साथ ही दोषी पुलिसकर्मियों के खिलाफ विभागीय कार्रवाई और किन्नरों के गिरोह पर अवैध वसूली व अश्लीलता की धाराओं में FIR दर्ज करने की मांग की गई है।
राशि वापस दिलाने की भी अपील
आवेदन में यह भी मांग की गई है कि पीड़ित परिवार से ली गई ₹81,000 की राशि वापस दिलाई जाए और भविष्य में ऐसी घटनाओं पर सख्त कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।