टेस्ट क्रिकेट में नियमों की बड़ी उलटफेर, MCC का ऐतिहासिक फैसला

क्रिकेट के नियमों को निर्धारित करने वाली विश्व प्रसिद्ध संस्था मैरीलेबोन क्रिकेट क्लब (MCC) ने वर्ष 2026 से लागू होने वाले नए क्रिकेट कानूनों की घोषणा कर दी है। इन नए नियमों में कई अहम बदलाव किए गए हैं, जिनका सीधा असर खेल के रोमांच और रणनीति पर पड़ेगा। खासतौर पर टेस्ट क्रिकेट से जुड़ा एक नियम ऐसा है, जो इस फॉर्मेट को पहले से कहीं ज्यादा दिलचस्प बना देगा।

टेस्ट क्रिकेट में दिन के आखिरी ओवर का नियम बदला

MCC के नए कानून 12.5.2 के तहत अब टेस्ट क्रिकेट में दिन के अंतिम ओवर के दौरान अगर कोई विकेट गिरता है, तो खेल वहीं रोक दिया जाएगा, ऐसा जरूरी नहीं होगा। पहले यह नियम था कि आखिरी ओवर में विकेट गिरते ही उस दिन का खेल समाप्त कर दिया जाता था और अगली सुबह बल्लेबाजी करने वाली टीम नए बल्लेबाज के साथ रणनीति बनाकर खेल शुरू करती थी।

लेकिन नए नियम के अनुसार, यदि दिन के आखिरी ओवर में विकेट गिरता है, तो मैच उस ओवर की अंतिम गेंद तक जारी रहेगा। इससे गेंदबाजी कर रही टीम को उसी समय दबाव बनाए रखने का मौका मिलेगा और बल्लेबाजी टीम के लिए चुनौती बढ़ जाएगी।

फील्डिंग टीम को मिलेगा रणनीतिक फायदा

इस बदलाव से टेस्ट क्रिकेट में मुकाबला और अधिक प्रतिस्पर्धी होने की उम्मीद है। आखिरी ओवर में विकेट गिरने के बाद नया बल्लेबाज तुरंत क्रीज पर आएगा और उसे शेष गेंदों का सामना करना पड़ेगा। इससे फील्डिंग टीम को उसी दिन एक और विकेट चटकाने या बल्लेबाज पर मानसिक दबाव बनाने का बेहतर अवसर मिलेगा, जिससे मैच की दिशा बदल सकती है।

महिला क्रिकेट की गेंद में भी बड़ा बदलाव

MCC के नए नियमों के तहत महिला क्रिकेट में इस्तेमाल होने वाली गेंद के वजन और आकार में भी संशोधन किया गया है। अब तक महिला क्रिकेट में गेंद का वजन 140 से 151 ग्राम और परिधि 21 से 22.5 सेंटीमीटर के बीच होती थी। नए कानून के अनुसार अब गेंद का वजन 140 से 149 ग्राम और साइज 21.5 से 22 सेंटीमीटर निर्धारित किया गया है।

अंडर-13 जूनियर क्रिकेट के नियमों में संशोधन

इसके अलावा जूनियर क्रिकेट (अंडर-13 वर्ग) के लिए भी गेंद के मानकों में बदलाव किया गया है। पहले जहां गेंद का वजन 133 से 144 ग्राम और साइज 20.5 से 22 सेंटीमीटर था, वहीं नए नियमों के तहत अब वजन 140 से 144 ग्राम और साइज 20.5 से 21 सेंटीमीटर होगा। इसका उद्देश्य युवा खिलाड़ियों के लिए खेल को अधिक संतुलित और सुरक्षित बनाना है।

2026 से लागू होंगे नए नियम

MCC द्वारा घोषित ये सभी नए कानून वर्ष 2026 से आधिकारिक रूप से लागू किए जाएंगे। क्रिकेट विशेषज्ञों का मानना है कि इन बदलावों से न केवल टेस्ट क्रिकेट में रोमांच बढ़ेगा, बल्कि महिला और जूनियर क्रिकेट में भी खेल की गुणवत्ता और संतुलन बेहतर होगा।