Satna News: सतना जिले के सरकारी अस्पताल में एक बार फिर चिकित्सा जगत और आम जनता के लिए ‘कुदरत का अनोखा नजारा’ सामने आया है। पन्ना जिले के सलेहा क्षेत्र की रहने वाली 34 वर्षीय कंचन सोनी ने एक साथ तीन स्वस्थ बच्चों (दो बेटे और एक बेटी) को जन्म दिया है। सबसे सुखद और हैरान कर देने वाली बात यह रही कि ये तीनों जन्म नॉर्मल डिलीवरी के जरिए हुए हैं।
डेढ़ घंटे के अंतराल में गूंजी किलकारियां
सूत्रो के अनुसार बताया जा रहा है कि 27 अप्रैल की रात सतना जिला अस्पताल के प्रसूति वार्ड में डॉक्टरों की टीम मुस्तैद थी। डिलीवरी की प्रक्रिया रात 10:34 बजे शुरू हुई जब पहले बेटे का जन्म हुआ। ठीक 11 मिनट बाद 10:45 बजे दूसरे बेटे ने दुनिया में कदम रखा। करीब एक घंटे के इंतजार के बाद रात 11:57 बजे तीसरी संतान के रूप में एक बेटी का जन्म हुआ।
अमूमन ट्रिपलेट्स (एक साथ तीन बच्चे) के मामलों में सिजेरियन ऑपरेशन (C-Section) का सहारा लिया जाता है, लेकिन यहाँ नॉर्मल डिलीवरी ने डॉक्टरों को भी सुखद आश्चर्य में डाल दिया।
स्वास्थ्य का हाल और बच्चों का वजन सूत्रो के अनुसार बताया जा रहा है कि गायनी विभाग के अनुसार मां और तीनों बच्चे पूरी तरह स्वस्थ हैं। बच्चों का वजन सामान्य से काफी बेहतर पाया गया है: पहला पुत्र: 2.000 किलोग्राम दूसरा पुत्र: 2.300 किलोग्राम तीसरी पुत्री: 2.650 किलोग्राम
‘हम दो, हमारे सात’
कंचन सोनी के घर में इन तीन नन्हें मेहमानों के आने से खुशी तो है, लेकिन यह मामला परिवार नियोजन के लिहाज से चर्चा का विषय बना हुआ है। कंचन के पहले से ही चार बच्चे (उम्र 11, 9, 7 और 5 वर्ष) हैं। अब उनके कुल 7 बच्चे हो गए हैं। जहां परिजन इस ‘ईश्वरीय आशीर्वाद’ से गदगद हैं, वहीं स्वास्थ्य विभाग इसे जनसंख्या नियंत्रण कार्यक्रमों के लिए एक चुनौती के रूप में देख रहा है।
परिजनों को पांचवें महीने की सोनोग्राफी में ही तीन बच्चों की जानकारी मिल गई थी, जिसके बाद से ही वे बेहद सावधानी बरत रहे थे। फिलहाल मां और बच्चों को अस्पताल के पीएनसी वार्ड में विशेष निगरानी में रखा गया है।