धोती-कुर्ता और रुद्राक्ष की माला पहने मुस्लिम युवक की महाकाल मंदिर में एंट्री: बजरंग दल ने करदी पिटाई 

Ujjain News: उज्जैन में सोमवार रात एक मुस्लिम युवक की बजरंग दल कार्यकर्ताओं ने जमकर पिटाई कर दी। सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार बताया जा रहा है कि युवक का नाम जफर खान है और वह धोती-कुर्ता, माथे पर त्रिपुंड और गले में रुद्राक्ष की माला पहने हुए था। वह पंजाब के मोहाली से एक 32 वर्षीय युवती के साथ उज्जैन आया था।

घटना नानाखेड़ा क्षेत्र की है। बजरंग दल को सूचना मिली थी कि अलग-अलग राज्यों से आए एक युवक और एक युवती किसी स्थानीय होटल में ठहरे हैं। कार्यकर्ताओं ने करीब एक घंटे तक होटल के बाहर इंतजार किया। जैसे ही जफर खान बाहर निकला, उसे पकड़ लिया गया।

पहले बताया हिंदू नाम, फिर सामने आई असलियत

पूछताछ के दौरान युवक ने शुरुआत में अपना हिंदू नाम बताया। लेकिन जब कार्यकर्ताओं ने सख्ती से पूछताछ की तो उसने स्वीकार किया कि उसका असली नाम जफर खान है। जफर ने कहा कि वह शिव भक्त है और युवती उसे भगवान शिव के दर्शन कराने के लिए उज्जैन लेकर आई थी।

दोनों ने महाकाल मंदिर, हरसिद्धि मंदिर और काल भैरव मंदिर के दर्शन किए थे। मंगलवार को इस पूरी घटना का एक वीडियो सामने आया, जिसमें जफर अपना नाम बताते हुए और खुद को शिव भक्त कहते हुए दिख रहा है।

मुस्लिम नाम सुनते ही शुरू हुई मारपीट

असली नाम सामने आने के बाद करीब एक दर्जन से अधिक बजरंग दल कार्यकर्ताओं ने जफर खान को घेर लिया और पिटाई शुरू कर दी। मारपीट इतनी तीखी रही कि युवक के सिर से खून बहने लगा। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित किया।

होटल में ठहरने को लेकर भी हुआ विवाद

सूत्रो के मुताबिक इस घटना को लेकर यह बात सामने आई है कि  युवक और युवती को उज्जैन में कई होटलों ने कमरा देने से मना कर दिया था। अंततः नानाखेड़ा क्षेत्र के एक होटल में दोनों को जगह मिली। होटल में भी जफर ने हिंदू नाम बताया था और पंडित जैसी वेशभूषा में था।

पुलिस ने शुरू की जांच

उज्जैन पुलिस की जांच पड़ताल में खुलासा हुआ है कि युवक और युवती दोनों मोहाली के निवासी हैं। दोनों अलग-अलग समुदाय से आते हैं और पहले से एक-दूसरे को जानते थे। युवती की उम्र 32 साल बताई गई है। उन्होंने कहा कि युवती को पता था कि जफर दूसरे धर्म का है।

पुलिस ने जफर खान को हिरासत में लिया है। आधार कार्ड और अन्य दस्तावेजों की जांच की जा रही है। अधिकारियों ने कहा कि शिकायत मिलने पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

वीडियो वायरल होने से मामला चर्चा में

मंगलवार को इस घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से फैला। वीडियो में जफर खान को कार्यकर्ताओं से घिरा हुआ और पूछताछ का सामना करते हुए देखा जा सकता है। इस घटना ने उज्जैन में सांप्रदायिक तनाव की आशंका भी पैदा कर दी है।

फिलहाल पुलिस ने मामले की पूरी तहकीकात शुरू कर दी है। अधिकारी स्थिति पर नजर बनाए हुए हैं और कानून-व्यवस्था बनाए रखने के निर्देश दिए गए हैं।