सादगी की मिसाल: ‘शतक’ फिल्म देखने पहुंचे मंत्री कैलाश विजयवर्गीय, जगह न मिलने पर जमीन पर बैठकर देखी फिल्म

Indore News: मध्यप्रदेश सरकार के कैबिनेट मंत्री कैलाश विजयवर्गीय अपने बेबाक अंदाज और जमीन से जुड़ाव के लिए जाने जाते हैं। हाल ही में उनका एक बेहद सादगीपूर्ण वीडियो और तस्वीरें सोशल मीडिया पर चर्चा का विषय बनी हुई है।
दरअसल उनका वायरल हो रहा एक फोटो राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (RSS) के 100 गौरवशाली वर्षों की यात्रा पर आधारित फिल्म ‘शतक’ की स्क्रीनिंग का है।

विजयवर्गीय जब इस फिल्म को देखने पहुंचे, तो कार्यक्रम स्थल पर भारी भीड़ और कार्यकर्ताओं के उत्साह के कारण सभागार पूरी तरह भरा हुआ था। स्थिति यह थी कि हॉल में बैठने के लिए एक भी कुर्सी खाली नहीं बची थी। एक कैबिनेट मंत्री होने के नाते उनके लिए विशेष व्यवस्था की जा सकती थी, लेकिन उन्होंने प्रोटोकॉल को दरकिनार करते हुए किसी भी विशेष सुविधा की मांग नहीं की।
कार्यकर्ताओं के साथ फर्श पर बैठे
बिना किसी हिचकिचाहट के, मंत्री कैलाश विजयवर्गीय ने अपने कार्यकर्ताओं के प्रति अपनत्व दिखाते हुए जमीन पर ही बैठने का फैसला किया। उन्होंने पूरी फिल्म कार्यकर्ताओं के कंधे से कंधा मिलाकर नीचे बैठकर देखी। उनका यह सहज रूप देखकर वहां मौजूद स्वयंसेवक और भाजपा कार्यकर्ता दंग रह गए।
फिल्म ‘शतक’ की सराहना
फिल्म देखने के बाद मंत्री विजयवर्गीय ने संघ की 100 साल की यात्रा, संघर्ष और राष्ट्र निर्माण में उसके योगदान की सराहना की। उन्होंने कहा कि यह फिल्म आने वाली पीढ़ी को संघ के मूल विचारों से जोड़ने का काम करेगी। कार्यक्रम के अंत में उन्होंने कार्यकर्ताओं से अनौपचारिक चर्चा भी की, जिससे कार्यकर्ताओं का उत्साह दोगुना हो गया।