दिग्गज उद्योगपति अनिल अंबानी की मुश्किलें कम होने का नाम नहीं ले रही हैं। सूत्रो के अनुसार बैंक ऑफ बड़ौदा के बाद अब पंजाब नेशनल बैंक (PNB) की शिकायत पर केंद्रीय जांच ब्यूरो (CBI) ने अनिल अंबानी और उनकी कंपनी रिलायंस कम्युनिकेशंस लिमिटेड (RCom) के खिलाफ धोखाधड़ी का नया मामला दर्ज किया है।
क्या है पूरा मामला?
PNB ने आरोप लगाया है कि अनिल अंबानी, RCom और कंपनी की पूर्व निदेशक मंजरी अशोक कक्कड़ ने मिलकर बैंक के साथ 1085.19 करोड़ रुपये का फ्रॉड किया है। यह धोखाधड़ी PNB और इसमें विलय हो चुके यूनाइटेड बैंक ऑफ इंडिया के साथ की गई है। मुंबई में PNB की स्ट्रेस्ड एसेट्स मैनेजमेंट ब्रांच की शिकायत के आधार पर CBI ने यह कार्रवाई की है।
फंड की हेराफेरी और साजिश
जांच एजेंसी के अनुसार, यह मामला मुख्य रूप से साल 2013 से 2017 के बीच का है। बैंक का आरोप है कि:
आपराधिक साजिश: आरोपियों ने बैंक से क्रेडिट सुविधाएं हासिल करने के लिए सोची-समझी साजिश रची।
फंड का दुरुपयोग: जिस उद्देश्य के लिए लोन लिया गया था, पैसा वहां खर्च करने के बजाय उसे शेल कंपनियों (Fake Companies) और अपनी ही अन्य सहयोगी कंपनियों में ट्रांसफर कर दिया गया।
खातों में हेरफेर: बैंक को गुमराह करने और धोखाधड़ी को छिपाने के लिए कंपनी के बही-खातों (Accounts) में बड़े पैमाने पर गड़बड़ी की गई।
फॉरेंसिक ऑडिट में हुआ खुलासा
इस बड़े घोटाले का पर्दाफाश BDO India LLP द्वारा किए गए फॉरेंसिक ऑडिट में हुआ। ऑडिट रिपोर्ट में स्पष्ट हुआ कि नियमों का उल्लंघन कर फंड का गलत इस्तेमाल किया गया था। इसी रिपोर्ट के आधार पर PNB ने फरवरी 2021 में इन खातों को ‘फ्रॉड’ घोषित कर दिया था।
लगातार घिरते अनिल अंबानी
अनिल अंबानी के लिए यह दोहरा झटका है। हाल ही में CBI ने बैंक ऑफ बड़ौदा की शिकायत पर भी उनके खिलाफ 2220 करोड़ रुपये की धोखाधड़ी का केस दर्ज किया था। अब PNB के इस नए मामले ने उनकी कानूनी और वित्तीय परेशानियों को और अधिक बढ़ा दिया है।