अनिल शर्मा ने बताई धरम जी की दरियादिली : बिना फीस लिए रात में करते थे पंजाबी फिल्मों की शूटिंग, कई निर्माताओं की ऐसे मदद

Mumbai News : बॉलीवुड के दिग्गज अभिनेता धर्मेंद्र के निधन के बाद फिल्म इंडस्ट्री में उनके योगदान और दरियादिली के किस्से सामने आ रहे हैं। उनके करीबी दोस्त और निर्देशक अनिल शर्मा ने खुलासा किया है कि धर्मेंद्र सिर्फ पर्दे के हीमैन नहीं थे, बल्कि असल जिंदगी में भी एक सच्चे हीरो थे।

उन्होंने बताया कि कैसे धर्मेंद्र ने कई संघर्ष कर रहे फिल्म निर्माताओं की चुपचाप मदद की, जिसके लिए वह कभी कोई श्रेय नहीं लेते थे। धर्मेंद्र का 89 साल की उम्र में 24 नवंबर को निधन हो गया था। उनके जाने के बाद पूरी इंडस्ट्री शोक में है और उनसे जुड़ी यादें साझा कर रही है।

बिना फीस देर रात करते थे शूटिंग 

एक इंटरव्यू में  फिल्म डायरेक्टर अनिल शर्मा ने हालिया बातचीत में बताया कि धर्मेंद्र ने अनगिनत लोगों की मदद की है। उन्होंने कहा कि कई पंजाबी फिल्म निर्माता धर्मेंद्र से अपनी फिल्मों में काम करने का अनुरोध करते थे, लेकिन उनके पास बड़े स्टार को देने के लिए पैसे नहीं होते थे। ऐसे में धर्मेंद्र उनकी मदद के लिए आगे आते थे।

“लोग उनसे अपनी पंजाबी फिल्मों के सीन रात 9 बजे के बाद शूट करने के लिए कहते थे, जब उनका शेड्यूल खत्म हो जाता था। वे कहते थे, ‘पाजी, मेरा घर चल जाएगा, मेरी पिक्चर बिक जाएगी।’ धरम जी वे सभी फिल्में मुफ्त में करते थे।” — अनिल शर्मा

शर्मा ने आगे कहा कि धर्मेंद्र उन निर्माताओं से कहते थे कि वे जहां भी शूटिंग कर रहे हों, वहीं आ जाएं और कुछ घंटों के लिए उनके साथ काम कर लें। इस तरह उनकी उदारता ने कई लोगों का करियर बनाया और घर चलाया।

आखिरी दिनों में भी थे एक योद्धा

अनिल शर्मा ने धर्मेंद्र के अंतिम दिनों को भी याद किया। उन्होंने बताया कि अस्पताल में भर्ती होने के बावजूद धर्मेंद्र की हालत में सुधार दिख रहा था। उन्होंने कहा, “मैं उनके घर गया था। वह ठीक हो रहे थे। वह अपनी आंखें खोलते थे और हाथ भी हिलाते थे। डॉक्टर भी कह रहे थे कि धरम जी बहुत मजबूत आदमी हैं।”

उन्होंने कहा कि सभी को उम्मीद थी कि वह 8 दिसंबर को अपना जन्मदिन मनाएंगे, लेकिन उम्र के आगे कोई नहीं जीत सकता।

प्रार्थना सभा में उमड़ा बॉलीवुड

धर्मेंद्र की याद में 27 नवंबर को एक प्रार्थना सभा का आयोजन किया गया, जिसे परिवार ने ‘सेलिब्रेशन ऑफ लाइफ’ का नाम दिया। इस मौके पर फिल्म इंडस्ट्री की कई पीढ़ियों के सितारे उन्हें श्रद्धांजलि देने पहुंचे।

इस प्रार्थना सभा में शाहरुख खान, सलमान खान, रेखा, ऐश्वर्या राय, माधुरी दीक्षित, विद्या बालन, जैकी श्रॉफ, सिद्धार्थ मल्होत्रा, और सुनील शेट्टी समेत कई बड़े कलाकार देओल परिवार को सांत्वना देने के लिए मौजूद थे। सुभाष घई, अब्बास-मस्तान और अनिल शर्मा जैसे निर्देशक भी वहां उपस्थित थे।