New Delhi: अगर आप आईफोन (iPhone), आईपैड (iPad) या मैक (Mac) बुक इस्तेमाल करते हैं, तो यह खबर आपके लिए बेहद जरूरी है। भारत सरकार की साइबर सुरक्षा एजेंसी CERT-In (इंडियन कंप्यूटर इमरजेंसी रिस्पॉन्स टीम) ने ऐप्पल डिवाइसेस में गंभीर सुरक्षा खामियों को लेकर ‘क्रिटिकल’ चेतावनी जारी की है।
एजेंसी के मुताबिक, इन खामियों का फायदा उठाकर हैकर्स आपके डिवाइस का पूरा कंट्रोल रिमोटली (दूर बैठे) हासिल कर सकते हैं।
इन डिवाइसेस और वर्जन पर मंडरा रहा है खतरा
सरकार ने स्पष्ट किया है कि ऐप्पल के पुराने ऑपरेटिंग सिस्टम वर्जन पर साइबर अटैक का जोखिम सबसे अधिक है। खतरे की जद में आने वाले मुख्य वर्जन इस प्रकार हैं:
iOS और iPadOS: 15.8.7, 16.7.5, 16.7.15 और 17.3 से पुराने सभी वर्जन।
macOS: वर्जन 13.5, 14.2 और 14.3 से पुराने सिस्टम।
Safari Browser: इन ऑपरेटिंग सिस्टम के साथ आने वाले सफारी ब्राउजर के पुराने वर्जन भी असुरक्षित पाए गए हैं।
कितना गंभीर है यह हमला?
CERT-In ने इस चेतावनी को ‘क्रिटिकल’ (Critical) श्रेणी में रखा है। इसका मतलब है कि हैकर्स इन सुरक्षा कमियों का इस्तेमाल कर डिवाइस की मेमोरी को करप्ट कर सकते हैं और आपके संवेदनशील डेटा को मैनिपुलेट (बदलना या चोरी करना) कर सकते हैं। एक बार एक्सेस मिलने के बाद, हमलावर आपके डिवाइस को पूरी तरह अनुपयोगी बना सकता है या आपकी निजी जानकारी का गलत इस्तेमाल कर सकता है।
बचाव के लिए तुरंत करें ये काम
ऐप्पल ने इन सुरक्षा खामियों को दूर करने के लिए सिक्योरिटी पैच (Security Patch) जारी कर दिए हैं। CERT-In ने सभी यूजर्स को सलाह दी है कि वे अपने डिवाइस को तुरंत अपडेट करें।
अपडेट करने का तरीका:
अपने iPhone या iPad की Settings में जाएं।
General विकल्प पर टैप करें।
Software Update पर क्लिक करें।
यदि कोई नया अपडेट दिख रहा है, तो उसे तुरंत Download and Install करें।
विशेष सलाह: सार्वजनिक वाई-फाई (Public Wi-Fi) का उपयोग करने से बचें और अपने डिवाइस में ऑटोमैटिक सॉफ्टवेयर अपडेट का विकल्प हमेशा ‘ऑन’ रखें ताकि सुरक्षा संबंधी अपडेट मिस न हों।