‘कलाकार साल में सिर्फ 1200 रुपए कमाते है..’ उपासना सिंह ने खोली फिल्म इंडस्ट्री की पोल

टेलीविजन पर पिंकी बुआ के किरदार से मशहूर अभिनेत्री उपासना सिंह ने मनोरंजन इंडस्ट्री की छिपी हुई सच्चाई सामने रखी है। उन्होंने कहा कि ग्लैमर के पीछे संघर्ष, गरीबी और अनिश्चितता की कहानी छिपी है।
सिनेमा टीवी आर्टिस्ट्स एसोसिएशन की जनरल सेक्रेटरी बनने के बाद उपासना को इंडस्ट्री की असली हकीकत का पता चला। आईएएनएस से बातचीत में उन्होंने बताया कि बाहर से चमकदार दिखने वाली इंडस्ट्री अंदर से बेहद कठिन है।
साल में सिर्फ 1200 रुपए की कमाई
उपासना ने बताया कि कई कलाकार साल में मुश्किल से 1200 रुपए कमा पाते हैं। कुछ को साल भर में सिर्फ चार-पांच दिन काम मिलता है। उसमें भी कोऑर्डिनेटर 5000 रुपए की दिहाड़ी में से 25 प्रतिशत कमीशन काट लेता है।
पेमेंट भी 90 से 120 दिन बाद मिलती है। मुंबई जैसे महंगे शहर में किराया, बच्चों की स्कूल फीस और घर का खर्च उठाना इनके लिए बेहद मुश्किल हो जाता है।
मेडिकल खर्च भी बन जाता है लग्जरी
उपासना ने आगे कहा कि टीडीएस कटने और कोऑर्डिनेटर का कमीशन देने के बाद हाथ में बहुत कम बचता है। कई बार इन कलाकारों के पास मेडिकल खर्च के लिए भी पैसे नहीं होते। वे डॉक्टर के पास नहीं जा पाते। अपनी सेहत का ध्यान रखना भी उनके लिए लग्जरी बन जाता है।

उन्होंने कहा कि इन कलाकारों को बस इंडस्ट्री में टिके रहने के लिए लगातार संघर्ष करना पड़ता है। लोग सोचते हैं कि फिल्म इंडस्ट्री में सब कुछ आसान और ग्लैमरस है। एक्टर आराम से जी रहे हैं, लेकिन हकीकत बहुत अलग है।
भावुक हुईं उपासना सिंह
बातचीत के दौरान उपासना बेहद भावुक नजर आईं। उन्होंने कहा कि भगवान की कृपा से उन्हें अच्छा काम मिला। उन्होंने लीड रोल किए, पॉपुलर किरदार निभाए और आशीर्वाद मिला। लेकिन जब उन्होंने इन कलाकारों की हालत देखी तो दिल टूट गया।
उपासना ने कहा कि अब वे एसोसिएशन के जरिए इन कलाकारों की लगातार मदद करने की कोशिश कर रही हैं।
उपासना सिंह का करियर
उपासना सिंह लंबे समय से इंडस्ट्री का हिस्सा हैं। उन्होंने जुड़वा, हलचल, हंगामा, गोलमाल रिटर्न्स और चक दे फट्टे जैसी कई हिट फिल्मों में काम किया है।
टेलीविजन पर कॉमेडी नाइट्स विद कपिल और द कपिल शर्मा शो में उनके कॉमिक रोल खासकर पिंकी बुआ का किरदार दर्शकों के बीच बेहद लोकप्रिय हुआ।