भोपाल विजय मेवाड़ा हत्याकांड: तीसरे आरोपी ‘आसिफ बम’ का शॉर्ट एनकाउंटर, पैर में लगी गोली

Bhopal  News: मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल में होटल संचालक विजय मेवाड़ा की निर्मम हत्या के मामले में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। फरार चल रहे 30 हजार रुपये के इनामी मुख्य आरोपी आसिफ, जिसे ‘आसिफ बम’ के नाम से भी जाना जाता है, का रातीबड़ इलाके में शॉर्ट एनकाउंटर हुआ है। आरोपी ने गिरफ्तारी के दौरान पुलिस की पिस्टल छीनकर फायरिंग करने की कोशिश की, जिसके जवाब में पुलिस ने गोली चलाई।
पिस्टल छीनकर भागने की कोशिश, जवाबी कार्रवाई में घायल
सूत्रों के अनुसार, पुलिस टीम आरोपी आसिफ को गिरफ्तार कर थाने ले जा रही थी। इसी दौरान रातीबड़ के पास आसिफ ने मौका पाकर एक पुलिसकर्मी की पिस्टल झपट ली और पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी। आत्मरक्षा में पुलिस ने भी जवाबी फायरिंग की, जिसमें गोली आरोपी के पैर में लगी। घायल आसिफ को तुरंत कड़ी सुरक्षा के बीच हमीदिया अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहाँ उसका इलाज चल रहा है।
क्या था पूरा मामला?
अशोका गार्डन थाना क्षेत्र के प्रभात पेट्रोल पंप के पास मामूली विवाद ने खूनी संघर्ष का रूप ले लिया था। आरोपियों ने विजय मेवाड़ा पर धारदार गुप्ती से ताबड़तोड़ हमला किया था।
पेट और छाती पर गहरे घाव होने के कारण विजय की हमीदिया अस्पताल में इलाज के दौरान मौत हो गई थी। पुलिस ने इस मामले में तत्परता दिखाते हुए दो आरोपियों, फरमान और इमरान को पहले ही गिरफ्तार कर लिया था, जबकि आसिफ फरार था।
सड़कों पर उतरा हिंदू समाज, सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम
विजय मेवाड़ा को न्याय दिलाने के लिए बुधवार को सकल हिंदू समाज और विभिन्न हिंदूवादी संगठनों ने राजधानी की सड़कों पर उतरकर जोरदार प्रदर्शन किया। कार्यकर्ताओं ने मुख्यमंत्री निवास तक पैदल मार्च का ऐलान किया था, लेकिन पुलिस ने पॉलिटेक्निक चौराहे पर उन्हें रोककर खदेड़ दिया। प्रदर्शनकारियों की मांग है कि आरोपियों पर रासुका (NSA) के तहत कार्रवाई हो और उनके अवैध निर्माणों पर तत्काल ‘बुलडोजर एक्शन’ लिया जाए।

मंत्री विश्वास सारंग का सख्त रुख: “बुलडोजर चलाओ, ढिलाई न हो”
क्षेत्रीय विधायक और मंत्री विश्वास कैलाश सारंग ने मृतक के परिजनों से मुलाकात कर उन्हें सांत्वना दी और न्याय का भरोसा दिलाया। मंत्री सारंग ने मौके से ही कलेक्टर कौशलेंद्र सिंह को फोन कर सख्त लहजे में निर्देश दिए कि अपराधियों के अवैध ठिकानों पर तुरंत बुलडोजर चलाया जाए। उन्होंने पुलिस को अपराधियों की सूची बनाकर घर-घर सर्वे करने और हर बदमाश को जेल भेजने के निर्देश दिए। सारंग ने कहा, “ऐसी कार्रवाई होगी कि अपराधियों की पीढ़ियां याद रखेंगी।”
ताजा स्थिति: घटना के बाद पूरे इलाके में तनाव को देखते हुए भारी पुलिस बल तैनात किया गया है और राजधानी में हाई अलर्ट जारी है। प्रशासन अब आरोपियों के अवैध संपत्तियों को चिन्हित करने में जुट गया है।