Mumbai News: बॉलीवुड अभिनेत्री आलिया भट्ट और शरवरी वाघ की आने वाली जासूसी थ्रिलर फिल्म ‘अल्फा’ को लेकर एक बड़ा अपडेट सामने आया है। लंबे समय से चल रही उन अटकलों पर अब विराम लग गया है, जिनमें कहा जा रहा था कि यह फिल्म सीधे OTT प्लेटफॉर्म पर रिलीज हो सकती है।
ताजा रिपोर्ट्स के मुताबिक, मेकर्स ने साफ कर दिया है कि यह फिल्म बड़े पर्दे के अनुभव के लिए बनाई गई है और इसे सिनेमाघरों में ही रिलीज किया जाएगा।
यह फिल्म आदित्य चोपड़ा के महत्वाकांक्षी YRF स्पाई यूनिवर्स का हिस्सा है और इसकी घोषणा के बाद से ही दर्शकों के बीच काफी चर्चा है। फिल्म की रिलीज में हो रही देरी के कारण इसके भविष्य को लेकर कई तरह के कयास लगाए जा रहे थे।
OTT रिलीज की अफवाहों पर लगा विराम
हाल ही में इंटरनेट पर ऐसी खबरें थीं कि ‘अल्फा’ थिएटर रिलीज को छोड़कर सीधे डिजिटल प्लेटफॉर्म पर आएगी। हालांकि, इंडिया टुडे की एक रिपोर्ट ने इन सभी अफवाहों को खारिज कर दिया है। रिपोर्ट में एक सूत्र के हवाले से कहा गया है कि फिल्म सिनेमाघरों के लिए ही बनी है और टीम फिलहाल शूटिंग का आखिरी शेड्यूल पूरा कर रही है।
सूत्र के अनुसार, फिल्म की शूटिंग तय योजना के मुताबिक ही चल रही है। मेकर्स का लक्ष्य दर्शकों को एक बेहतरीन सिनेमाई अनुभव देना है, इसलिए इसे लेकिन इसे और आगे बढ़ा दिया गया है। यह स्पष्टीकरण फिल्म को लेकर चल रही जबरदस्त चर्चा के बीच आया है।
क्यों हो रही थी फिल्म में देरी?
आपको बता दें कि ‘अल्फा’ की रिलीज डेट कई बार बदल चुकी है। पहले यह फिल्म पिछले साल अगस्त में रिलीज होने वाली थी, लेकिन बाद में इसे दिसंबर 2025 तक के लिए टाल दिया गया। फिल्म में हो रही देरी को लेकर प्रोडक्शन हाउस ने पहले बताया था कि टीम फिल्म के विजुअल इफेक्ट्स (VFX) पर बड़े पैमाने पर काम कर रही है।
मेकर्स ने एक बयान में कहा था, “अल्फा के VFX को दर्शकों के सामने बेहतरीन तरीके से पेश करने के लिए और समय की जरूरत है।” अब नई रिपोर्ट में दावा किया जा रहा है कि फिल्म इस साल अप्रैल में सिनेमाघरों में दस्तक दे सकती है।
स्पाई यूनिवर्स की पहली महिला जासूस फिल्म
फिल्म ‘अल्फा’ YRF स्पाई यूनिवर्स के लिए बेहद खास है क्योंकि यह इस यूनिवर्स की पहली महिला-केंद्रित जासूसी फिल्म होगी। इसका निर्देशन शिव रावेल कर रहे हैं। फिल्म में आलिया भट्ट और शरवरी के अलावा बॉबी देओल भी एक महत्वपूर्ण भूमिका में नजर आएंगे। इस फिल्म से दर्शकों को जबरदस्त एक्शन और सस्पेंस की उम्मीद है।