Sunday Box Office Collection: भारतीय बॉक्स ऑफिस पर इस रविवार एक दिलचस्प मुकाबला देखने को मिला। जहाँ एक ओर नई रिलीज हुई फिल्म ‘द केरल स्टोरी 2’ ने विवादों और देरी के बावजूद अपनी पकड़ मजबूत कर ली है, वहीं दूसरी ओर शाहिद कपूर की ‘ओ रोमियो’ और सनी देओल की ‘बॉर्डर 2’ जैसी बड़ी फिल्मों की रफ्तार अब धीमी पड़ती दिखाई दे रही है।
दर्शक अब नए कंटेंट की ओर रुख कर रहे हैं, जिसका सीधा असर पुरानी फिल्मों के कलेक्शन पर पड़ा है।
1. ‘द केरल स्टोरी 2’: विवादों के बीच जबरदस्त उछाल
सुदीप्तो सेन के निर्देशन में बनी फिल्म ‘द केरल स्टोरी 2’ की रिलीज का रास्ता आसान नहीं था। सेंसर बोर्ड और कानूनी मंजूरियों में देरी के कारण यह फिल्म शुक्रवार शाम को सिनेमाघरों में पहुंच सकी, जिसका नुकसान इसके पहले दिन की कमाई पर दिखा। फिल्म ने शुक्रवार को महज 75 लाख रुपये से शुरुआत की थी।
हालाकि, शनिवार से फिल्म ने जो रफ्तार पकड़ी, उसने ट्रेड एनालिस्ट्स को हैरान कर दिया है। शनिवार को फिल्म की कमाई में भारी उछाल आया और इसने 4.65 करोड़ रुपये बटोरे। वहीं, रविवार (तीसरे दिन) ‘सैकनिल्क’ की रिपोर्ट के अनुसार फिल्म ने 5 करोड़ रुपये का बिजनेस किया।
महज तीन दिनों (ढाई दिन प्रभावी रूप से) में फिल्म का कुल नेट कलेक्शन 10.5 करोड़ रुपये हो गया है। माना जा रहा है कि आने वाले दिनों में यह फिल्म और बेहतर प्रदर्शन कर सकती है।
2. ‘ओ रोमियो’: विशाल भारद्वाज का जादू पड़ा फीका
शाहिद कपूर और तृप्ति डिमरी की फ्रेश जोड़ी और विशाल भारद्वाज जैसे दिग्गज निर्देशक के होने के बावजूद ‘ओ रोमियो’ बॉक्स ऑफिस पर वो कमाल नहीं दिखा पाई जिसकी उम्मीद की जा रही थी। फिल्म में विक्रांत मैसी और नाना पाटेकर जैसे मंझे हुए कलाकार भी हैं, लेकिन स्क्रिप्ट दर्शकों को बांधने में असफल रही।
अपने तीसरे रविवार (17वें दिन) फिल्म ने केवल 1.15 करोड़ रुपये का कलेक्शन किया। अब तक फिल्म की कुल भारतीय कमाई 65.15 करोड़ रुपये तक पहुंच पाई है। फिल्म के बजट और स्टार पावर को देखते हुए इन आंकड़ों को निराशाजनक माना जा रहा है।
3. ‘बॉर्डर 2’ और ‘मर्दानी 3’: पुराने धुरंधरों की सुस्त चाल
सनी देओल की मोस्ट अवेटेड फिल्म ‘बॉर्डर 2’ ने शुरुआती हफ्तों में बॉक्स ऑफिस पर सुनामी ला दी थी, लेकिन अब 38 दिनों के बाद इसकी सांसें फूलती नजर आ रही हैं। छठे रविवार को फिल्म ने केवल 25 लाख रुपये कमाए। हालांकि, फिल्म का अब तक का कुल कलेक्शन 327.55 करोड़ रुपये है, जो इसे एक ब्लॉकबस्टर साबित करने के लिए काफी है।
वहीं, रानी मुखर्जी की ‘मर्दानी 3’ भी अपने पांचवें हफ्ते में संघर्ष कर रही है। फिल्म ने 31वें दिन यानी रविवार को 24 लाख रुपये का बिजनेस किया। फिल्म का कुल कलेक्शन अब 49.29 करोड़ रुपये हो गया है। ‘मर्दानी 3’ ने अपनी लागत के हिसाब से सम्मानजनक आंकड़े छुए हैं।
4. हॉरर फिल्म ‘स्क्रीम 7’ और ‘अस्सी’ का बुरा हाल
हॉलीवुड की मशहूर फ्रेंचाइजी ‘स्क्रीम 7’ भारत में दर्शकों को डराने में नाकाम रही। शुक्रवार को 40 लाख की ओपनिंग के बाद रविवार को इसकी कमाई में 32% की गिरावट दर्ज की गई और इसने महज 0.34 करोड़ कमाए। चार दिनों में फिल्म का टोटल 1.24 करोड़ ही हो पाया है।
दूसरी ओर, तापसी पन्नू स्टारर कोर्ट-रूम ड्रामा ‘अस्सी’ की हालत और भी खराब है। अनुभव सिन्हा के निर्देशन के बावजूद यह फिल्म 10 दिनों में 10 करोड़ का आंकड़ा भी नहीं छू सकी। दूसरे रविवार को फिल्म ने केवल 48 लाख कमाए, जिससे इसका कुल कलेक्शन 8.48 करोड़ (नेट कलेक्शन के संदर्भ में) के आसपास सिमटता दिख रहा है।
किसे मिला ‘संडे’ का फायदा?
बॉक्स ऑफिस के इन आंकड़ों से साफ है कि इस रविवार का असली विजेता ‘द केरल स्टोरी 2’ रही है। जहाँ बाकी फिल्में अपनी ढलान पर हैं, वहीं इस फिल्म ने दर्शकों की उत्सुकता को भुनाने में कामयाबी हासिल की है। अब देखना यह होगा कि वर्किंग डेज (सोमवार से गुरुवार) में यह फिल्म अपनी बढ़त बरकरार रख पाती है या नहीं।