Breaking News : लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी आज एक दिवसीय दौरे पर इंदौर पहुंचे हैं। अभी वे इंदौर एयरपोर्ट आ चुके है। उनके इस दौरे का मुख्य उद्देश्य शहर के भागीरथपुरा क्षेत्र में दूषित पेयजल से प्रभावित परिवारों और मृतकों के परिजनों से मुलाकात कर उनका दुख बांटना है।
इंदौर एयरपोर्ट पर प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी और पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह सहित कई दिग्गज नेताओं ने उनका भव्य स्वागत किया।
अस्पताल और पीड़ितों से मुलाकात निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार, राहुल गांधी सबसे पहले बॉम्बे हॉस्पिटल जाएंगे, जहां वे दूषित जल के कारण गंभीर रूप से बीमार मरीजों का हाल-चाल जानेंगे। इसके बाद वे भागीरथपुरा क्षेत्र के लिए रवाना होंगे।
गौरतलब है कि इस क्षेत्र में दूषित पानी पीने से अब तक 24 लोगों की मौत का दावा किया जा रहा है, जिसमें 5 माह का मासूम अव्यान भी शामिल है। राहुल गांधी ने विशेष रूप से अव्यान के परिजनों से मिलने की इच्छा जताई है।
सुरक्षा कारणों से कार्यक्रम में बदलाव भागीरथपुरा की संकरी गलियों के चलते सुरक्षा एजेंसियों (SPG और स्थानीय पुलिस) ने राहुल गांधी के काफिले को अंदर ले जाने की अनुमति नहीं दी है। सुरक्षा समीक्षा के बाद अब यह तय हुआ है कि राहुल गांधी भागीरथपुरा पानी की टंकी के पास बने एक स्थल पर पीड़ितों से मुलाकात करेंगे। वे दोपहर 12:45 से 1:45 बजे तक यहां रुकेंगे और इसके बाद मीडिया को संबोधित करेंगे।
प्रशासन द्वारा बड़ी जनसभा की अनुमति न मिलने के कारण कांग्रेस ने इसे एक ‘निजी मुलाकात’ का स्वरूप दिया है। कांग्रेस नेताओं का आरोप है कि सरकार इस मुद्दे को दबाने की कोशिश कर रही है, जबकि विपक्ष इस त्रासदी को न्याय दिलाने के लिए प्रतिबद्ध है।
राहुल गांधी के इंदौर दौरे का शेड्यूल
11.45 बजे बॉम्बे हॉस्पिटल पहुंचेंगे, यहां वे मरीजों से मुलाकात करेंगे।
दोपहर 12.45 बजे भागीरथपुरा में पीड़ित परिवारों से मुलाकात करेंगे। यहीं पर मीडिया से चर्चा भी करेंगे।
दोपहर 1.45 बजे भागीरथपुरा से रवाना होकर 2.15 बजे इंदौर एयरपोर्ट पहुंचेंगे।