Silver- Gold Price Today : गुरुवार, 22 जनवरी को भारतीय सर्राफा बाजार में बड़ी हलचल देखने को मिली है। पिछले तीन दिनों से जारी तेजी पर आज ब्रेक लग गया। इंडियन बुलियन एंड ज्वेलर्स एसोसिएशन (IBJA) के आंकड़ों के मुताबिक, चांदी की कीमतों में भारी गिरावट दर्ज की गई है। चांदी आज करीब 5% यानी 15,000 रुपये प्रति किलो सस्ती होकर खुली।

बाजार खुलते ही चांदी का भाव 3.03 लाख रुपये प्रति किलोग्राम पर आ गया। इससे पहले बुधवार को यह 3.19 लाख रुपये पर बंद हुई थी। कारोबारी सत्र के दौरान चांदी ने 3.20 लाख रुपये का अपना अब तक का सबसे उच्चतम स्तर (All Time High) भी छुआ था, लेकिन आज की गिरावट ने निवेशकों को चौंका दिया है।
सोने की चमक भी हुई फीकी
सिर्फ चांदी ही नहीं, सोने की कीमतों में भी आज नरमी देखी गई है। सोना 2,728 रुपये गिरकर 1,51,499 रुपये प्रति 10 ग्राम पर कारोबार कर रहा है। गौरतलब है कि एक दिन पहले ही सोने ने 1,55,204 रुपये का रिकॉर्ड स्तर बनाया था और बाजार बंद होते समय यह 1,54,277 रुपये पर था।
गिरावट के पीछे के तीन बड़े कारण
बाजार विशेषज्ञों के अनुसार, आज की गिरावट के पीछे मुख्य रूप से तीन वजहें हैं:
1. मुनाफावसूली (Profit Booking): पिछले कुछ दिनों में सोने और चांदी की कीमतों में बेतहाशा बढ़ोतरी हुई थी। ऊपरी स्तरों पर निवेशकों ने मुनाफा काटना शुरू कर दिया है, जिससे कीमतों पर दबाव बना है।
2. शेयर बाजार में तेजी: शेयर बाजार में लौटी रौनक के कारण निवेशकों का रुझान ‘सुरक्षित निवेश’ (Safe Haven) माने जाने वाले सोने-चांदी से हटकर इक्विटी की तरफ बढ़ा है। इससे डिमांड में कमी आई है।
3. जियो-पॉलिटिकल तनाव में कमी: वैश्विक स्तर पर जियो-पॉलिटिकल तनाव कम होने के संकेत मिल रहे हैं। जब भी युद्ध या तनाव की स्थिति सामान्य होती है, तो सोने-चांदी के भाव अक्सर नीचे आते हैं। इसके अलावा कुछ तकनीकी कारक (Technical Factors) भी बाजार को प्रभावित कर रहे हैं।
आगे क्या: ₹1.90 लाख तक जा सकता है सोना
भले ही आज कीमतों में गिरावट है, लेकिन लॉन्ग टर्म आउटलुक अभी भी मजबूत नजर आ रहा है। रिसर्च हेड डॉ. रेनिशा चैनानी का मानना है कि अगर भविष्य में अमेरिकी टैरिफ नीतियों और मध्य पूर्व में तनाव फिर बढ़ता है, तो साल 2026 में सोने के भाव नई ऊंचाइयां छू सकते हैं।

“आने वाले समय में सोना 1,90,000 रुपये प्रति 10 ग्राम और चांदी 4 लाख रुपये प्रति किलो तक पहुंच सकती है।” — डॉ. रेनिशा चैनानी