Bhopal News: मध्य प्रदेश में गर्मी के तीखे तेवरों ने जनजीवन अस्त-व्यस्त कर दिया है। राज्य के अधिकांश हिस्सों में भीषण गर्मी का दौर जारी है, जिसके चलते मौसम विभाग ने शुक्रवार को प्रदेश के 20 जिलों में हीट वेव (लू) चलने की गंभीर चेतावनी जारी की है।
इन जिलों में लू का साया
मौसम केंद्र के अनुसार, मालवा-निमाड़ से लेकर बुंदेलखंड और विंध्य तक गर्मी का प्रकोप बना हुआ है। मुख्य रूप से रतलाम, झाबुआ, धार, अलीराजपुर, निवाड़ी, टीकमगढ़, छतरपुर, पन्ना, सतना, रीवा, मऊगंज, सीधी, सिंगरौली, नर्मदापुरम, बैतूल, छिंदवाड़ा, पांढुर्णा, सिवनी, मंडला और बालाघाट जिलों में गर्म हवाओं (लू) का अलर्ट जारी किया गया है।
छात्रों को राहत: स्कूलों के समय में कटौती
बढ़ते तापमान और नौनिहालों के स्वास्थ्य को देखते हुए जिला प्रशासन सख्त कदम उठा रहा है:
रायसेन और अनूपपुर: स्कूलों का संचालन अब सुबह 7:30 से दोपहर 12:00 बजे तक ही होगा।
डिंडौरी: नर्सरी से कक्षा 8वीं तक के सभी स्कूलों का समय बदलकर सुबह 7:30 से 12:00 बजे कर दिया गया है।
नर्मदापुरम सबसे गर्म, रात के पारे ने भी छकाया
गुरुवार को नर्मदापुरम 43 डिग्री सेल्सियस के साथ प्रदेश का सबसे गर्म शहर रहा। वहीं रतलाम में पारा 42.8 डिग्री दर्ज किया गया। बड़े शहरों में जबलपुर (41.4°C) सबसे गर्म रहा, जबकि भोपाल, इंदौर और ग्वालियर में तापमान 40 डिग्री के पार बना हुआ है।
चिंता की बात यह है कि अब रातें भी तपने लगी हैं। सागर में न्यूनतम तापमान 27 डिग्री तक पहुंच गया है, जिससे रात में भी बेचैनी बढ़ गई है। भोपाल, नर्मदापुरम और सिवनी जैसे शहरों में भी रात का पारा 24 से 25 डिग्री के बीच बना हुआ है।
जहां एक ओर लू का सितम जारी है, वहीं मौसम विभाग ने थोड़ी राहत की उम्मीद भी जताई है। 19 और 20 अप्रैल को प्रदेश के कुछ हिस्सों में गरज-चमक के साथ हल्की बारिश की संभावना है, जिससे तापमान में मामूली गिरावट आ सकती है। तब तक नागरिकों को धूप से बचने और हाइड्रेटेड रहने की सलाह दी गई है।