बैंकिंग सेक्टर में सरकारी नौकरी की तलाश कर रहे युवाओं के लिए एक बड़ा अवसर सामने आया है। सेंट्रल बैंक ऑफ इंडिया (Central Bank of India) ने ऑफिसर कैडर में बंपर भर्ती की अधिसूचना जारी की है।
बैंक द्वारा जारी नोटिफिकेशन के मुताबिक, फॉरेन एक्सचेंज ऑफिसर और मार्केटिंग ऑफिसर के कुल 350 रिक्त पदों को भरा जाएगा। इस भर्ती प्रक्रिया के लिए ऑनलाइन आवेदन शुरू हो चुके हैं और इच्छुक उम्मीदवार 3 फरवरी 2026 तक अपना फॉर्म जमा कर सकते हैं।
वेकेंसी का विवरण
सेंट्रल बैंक ऑफ इंडिया द्वारा निकाली गई इस भर्ती में दो अलग-अलग स्केल पर नियुक्तियां की जाएंगी। इसमें फॉरेन एक्सचेंज ऑफिसर (स्केल-III) के लिए 50 पद निर्धारित किए गए हैं। वहीं, मार्केटिंग ऑफिसर (स्केल-I) के लिए सबसे अधिक 300 पदों पर वैकेंसी निकाली गई है। इन पदों पर चयन के बाद उम्मीदवारों को देश भर में बैंक की विभिन्न शाखाओं में नियुक्त किया जा सकता है।
सैलरी और भत्ते
चयनित उम्मीदवारों को पद के अनुसार आकर्षक वेतनमान दिया जाएगा। फॉरेन एक्सचेंज ऑफिसर (स्केल-III) के पद पर चयनित होने वाले अभ्यार्थियों को 85,920 रुपये से लेकर 1,05,280 रुपये प्रतिमाह तक वेतन मिलेगा।
दूसरी ओर, मार्केटिंग ऑफिसर (स्केल-I) के लिए वेतनमान 48,480 रुपये से 85,920 रुपये प्रतिमाह तय किया गया है। बेसिक सैलरी के अलावा अधिकारियों को महंगाई भत्ता (DA), हाउस रेंट अलाउंस (HRA), मेडिकल और अन्य बैंकिंग भत्तों का लाभ भी मिलेगा।
शैक्षणिक योग्यता और आयु सीमा
आवेदन करने के लिए उम्मीदवारों को पदों के अनुसार निर्धारित योग्यता पूरी करनी होगी। फॉरेन एक्सचेंज ऑफिसर: उम्मीदवार का ग्रेजुएट होना अनिवार्य है। साथ ही फॉरेन एक्सचेंज में सर्टिफिकेट कोर्स या संबंधित क्षेत्र में अनुभव होना चाहिए। इस पद के लिए आयु सीमा 25 से 35 वर्ष के बीच रखी गई है।
मार्केटिंग ऑफिसर: किसी भी स्ट्रीम में ग्रेजुएशन के साथ मार्केटिंग में एमबीए (MBA) या पीजीडीएम (PGDM) की डिग्री अनिवार्य है। डिग्री एआईसीटीई (AICTE) से मान्यता प्राप्त होनी चाहिए। इसके लिए आयु सीमा 22 से 30 वर्ष निर्धारित है। आरक्षित वर्ग को सरकारी नियमों के तहत आयु में छूट मिलेगी।
आवेदन शुल्क और प्रक्रिया
सामान्य, ओबीसी और अन्य श्रेणियों के उम्मीदवारों को आवेदन शुल्क के रूप में 850 रुपये का भुगतान करना होगा। वहीं, अनुसूचित जाति (SC), अनुसूचित जनजाति (ST), महिला और दिव्यांग उम्मीदवारों के लिए यह शुल्क केवल 175 रुपये रखा गया है।
आवेदन करने के लिए उम्मीदवारों को सेंट्रल बैंक ऑफ इंडिया की आधिकारिक वेबसाइट पर जाकर ‘Recruitment’ सेक्शन में जाना होगा। वहां Officer Recruitment 2026 लिंक पर क्लिक कर रजिस्ट्रेशन और फीस जमा करनी होगी।