Ujjain News: मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के 61वें जन्मदिन के अवसर पर आज धर्मनगरी उज्जैन में भारी उत्साह देखा जा रहा है। मुख्यमंत्री की दीर्घायु और उत्तम स्वास्थ्य की कामना के लिए उनके समर्थकों और प्रशंसकों ने शहर के प्रमुख मंदिरों में विशेष पूजन-अर्चन और अनुष्ठान आयोजित किए।
अंगारेश्वर मंदिर में वर्चुअली जुड़े सीएम
बुधवार सुबह मंगलनाथ क्षेत्र स्थित प्रसिद्ध अंगारेश्वर मंदिर में मुख्यमंत्री के मित्रों और समर्थकों द्वारा विशेष अभिषेक किया गया। इस दौरान एक अनूठा दृश्य तब देखने को मिला जब समर्थक रवि सोलंकी ने मुख्यमंत्री को वीडियो कॉल के माध्यम से पूजन में वर्चुअली जोड़ा। डॉ. यादव ने डिजिटल माध्यम से ही भगवान का आशीर्वाद लिया और समर्थकों का आभार व्यक्त किया।
बगलामुखी धाम में शत्रु नाशक ‘मिर्ची यज्ञ’
भैरवगढ़ रोड स्थित मां बगलामुखी मंदिर में महंत महावीर नाथ और पीर योगी रामनाथ के सान्निध्य में विशेष ‘मिर्ची यज्ञ’ संपन्न हुआ। इस अनुष्ठान में बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ताओं ने मुख्यमंत्री के चित्रों के साथ आहुतियां दीं।
महत्व: महंत जी के अनुसार, माँ बगलामुखी की साधना शत्रुओं के शमन और बाधाओं को दूर करने के लिए की जाती है।
परंपरा: मुख्यमंत्री स्वयं भी समय-समय पर यहाँ प्रदेश की सुख-समृद्धि के लिए यज्ञ करते रहे हैं।
होर्डिंग्स से पटा बाबा महाकाल का शहर
मुख्यमंत्री के जन्मदिन को लेकर उज्जैन में उत्सव जैसा माहौल है। समर्थकों ने पूरे शहर को बधाई संदेशों और विशाल होर्डिंग्स से पाट दिया है। चौरहे-चौरहे पर डॉ. यादव के सफल कार्यकाल और उज्जैन के विकास को लेकर शुभकामनाएँ प्रदर्शित की गई हैं।
निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार, मुख्यमंत्री दोपहर बाद अपने गृह नगर उज्जैन पहुंचेंगे, जहाँ वे स्थानीय कार्यक्रमों में भाग लेंगे और कार्यकर्ताओं से भेंट करेंगे।