इंदौर में ‘चिल्ड्रन्स हार्ट सेंटर’ शुरू, अब मुंबई के सुपर-स्पेशलिस्ट डॉक्टर देंगे सेवाएं

इंदौर : कोकिलाबेन धीरुभाई अंबानी हॉस्पिटल, इंदौर ने बच्चों के हृदय रोगों के उपचार के लिए अत्याधुनिक ‘चिल्ड्रन्स हार्ट सेंटर’ की शुरुआत की है। इसके साथ ही अब कोकिलाबेन हॉस्पिटल, मुंबई के टॉप सुपर-स्पेशलिस्ट डॉक्टर नियमित रूप से इंदौर आकर मरीजों को परामर्श, उन्नत उपचार और जटिल सर्जरी की सेवाएं देंगे। अस्पताल प्रबंधन के अनुसार, इस पहल का उद्देश्य मध्य प्रदेश और आसपास के क्षेत्रों के मरीजों को उनके घर के नजदीक ही विश्वस्तरीय सुपर-स्पेशलिटी स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराना है।

अब इंदौर में पीडियाट्रिक कार्डियोलॉजी, ऑन्कोलॉजी, इंटरवेंशनल रेडियोलॉजी, न्यूरोसाइंस और ट्रांसप्लांटेशन विभागों की विशेष सेवाएं नियमित रूप से उपलब्ध होंगी। नया चिल्ड्रन्स हार्ट सेंटर बच्चों में जन्मजात और जटिल हृदय रोगों की जांच एवं उपचार के लिए समर्पित होगा। सेंटर में फीटल और पीडियाट्रिक इकोकार्डियोग्राफी, एएसडी, वीएसडी और पीडीए डिवाइस क्लोजर जैसी अत्याधुनिक सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी। इसके अलावा आर्टीरियल स्विच, टीएपीवीसी रिपेयर, फॉन्टेन रिपेयर और टेट्रालॉजी ऑफ फैलोट जैसी जटिल हृदय सर्जरी भी अब इंदौर में ही संभव होगी।

अस्पताल के सीईओ एवं एग्जीक्यूटिव डायरेक्टर डॉ. संतोष शेट्टी ने कहा कि बच्चों के हृदय रोगों में समय पर पहचान और इलाज अत्यंत महत्वपूर्ण है। इस सेंटर के शुरू होने से प्रदेश के परिवारों को बेहतर और विश्वस्तरीय चिकित्सा सुविधा के लिए दूसरे शहरों का रुख नहीं करना पड़ेगा। वहीं, वाइस प्रेसिडेंट सुनील मेहता ने कहा कि यह पहल मध्य भारत में नवजात शिशुओं और बच्चों के लिए सुपर-स्पेशलिटी हृदय देखभाल की बड़ी आवश्यकता को पूरा करेगी। अस्पताल प्रबंधन ने बताया कि मुंबई के विशेषज्ञ डॉक्टरों के इंदौर दौरे की समय-सारणी जल्द जारी की जाएगी। मुंबई के चिल्ड्रन्स हार्ट सेंटर के डायरेक्टर डॉ. सुरेश राव ने कहा कि हर बच्चे को अपने घर के नजदीक विश्वस्तरीय हृदय उपचार मिलना चाहिए। यह सेंटर मध्य प्रदेश और आसपास के क्षेत्रों के बच्चों को आधुनिक और बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं प्रदान करेगा।