आज दिल्ली में आसमान साफ, जम्मू-कश्मीर में बर्फबारी, जानिए 11 फरवरी तक कैसा रहेगा मौसम?

New Delhi: राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में पिछले कुछ दिनों से मौसम साफ बना हुआ है और दिन में तेज धूप निकल रही है। मौसम विभाग (IMD) के अनुसार, 7 फरवरी 2026 को भी दिल्ली-NCR में आसमान मुख्य रूप से साफ रहेगा।

हालाकि, सुबह के समय कुछ इलाकों में हल्की धुंध देखी गई। दिन में आरामदायक धूप के बावजूद दिल्ली की हवा में सुधार नहीं है और कई इलाकों का वायु गुणवत्ता सूचकांक (AQI) ‘खराब’ श्रेणी में दर्ज किया गया है।

IMD के पूर्वानुमान के मुताबिक, आज दिल्ली में अधिकतम तापमान 23 से 25 डिग्री सेल्सियस के बीच रह सकता है, जबकि न्यूनतम तापमान 9 से 11 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने की संभावना है।

कई इलाकों में हवा की गुणवत्ता ‘खराब’

केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (CPCB) के आंकड़ों के अनुसार, दिल्ली के कई इलाकों में AQI 250 के पार बना हुआ है, जो ‘खराब’ श्रेणी में आता है। प्रमुख इलाकों के आंकड़े इस प्रकार हैं:

  • आनंद विहार: 262 AQI

  • नेहरू नगर: 257 AQI

  • विवेक विहार: 264 AQI

  • आरके पुरम: 231 AQI

  • जहांगीरपुरी: 276 AQI

  • वजीरपुर: 252 AQI

पहाड़ों पर बर्फबारी, हाईवे खोलने का काम जारी

जहां मैदानी इलाकों में मौसम शुष्क है, वहीं जम्मू-कश्मीर के ऊंचाई वाले इलाकों में बर्फबारी हो रही है। सोनमर्ग में ताजा बर्फबारी हुई है।

इसके चलते श्रीनगर-लेह राष्ट्रीय राजमार्ग पर यातायात प्रभावित हुआ है। सीमा सड़क संगठन (BRO) जोजिला दर्रे के पास से बर्फ हटाने का काम कर रहा है ताकि हाईवे को यातायात के लिए खोला जा सके।

पहाड़ी राज्यों में फिर बदलेगा मौसम

मौसम विभाग ने 9 से 11 फरवरी 2026 के दौरान पहाड़ी राज्यों में एक नए पश्चिमी विक्षोभ के सक्रिय होने की भविष्यवाणी की है। इस दौरान जम्मू-कश्मीर, हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड में कुछ स्थानों पर बारिश और बर्फबारी देखने को मिल सकती है।

आने वाले दिनों में दिल्ली का मौसम

IMD के अनुसार, दिल्ली-NCR में 8 फरवरी 2026 को आसमान में आंशिक रूप से बादल छाए रह सकते हैं। वहीं, 9 फरवरी को भी हल्के बादल देखने को मिल सकते हैं। स्काईमेट वेदर के मुताबिक, आने वाले दिनों में सतह पर तेज हवाएं चलने से सुबह और रात के समय ठंडक बनी रहेगी, जबकि दिन में धूप खिलने से मौसम आरामदायक महसूस होगा।