सीएम मोहन यादव ने विक्रम व्यापार मेला 2026 का किया शुभारंभ, अब तक 4.10 करोड़ की आय

उज्जैन, 15 फरवरी। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने महाशिवरात्रि के पावन अवसर पर विक्रम व्यापार मेला 2026 का दीप प्रज्ज्वलन और फीता काटकर शुभारंभ किया। यह मेला लगातार तीसरे वर्ष आयोजित किया जा रहा है। शुभारंभ के साथ ही नगर निगम को 4 करोड़ 10 लाख रुपये की आय प्राप्त हो चुकी है।

उद्घाटन कार्यक्रम में सांसद अनिल फिरोजिया, महापौर मुकेश टटवाल, नगर निगम सभापति कलावती यादव और विधायक अनिल जैन कालूहेड़ा सहित अन्य जनप्रतिनिधि मौजूद रहे। मुख्यमंत्री ने इस मौके पर वाहन खरीदने वाले नागरिकों को कार की चाबी भी सौंपी।

पिछले दो वर्षों का प्रदर्शन

मुख्यमंत्री ने मेले की पिछली सफलताओं का ब्यौरा दिया। वर्ष 2024 में 23,705 वाहनों की बिक्री हुई और लगभग 122 करोड़ रुपये की कर छूट दी गई। वर्ष 2025 में यह आंकड़ा बढ़कर 36,225 वाहनों तक पहुंचा और 187 करोड़ रुपये की छूट प्रदान की गई। इस बार भी शुरुआती दौर से ही नगर निगम की आय पिछले वर्ष की तुलना में अधिक दर्ज हुई है।

इस बार मेले में क्या है खास

विक्रम व्यापार मेला 2026 में फोर व्हीलर के 139 स्टॉल और टू व्हीलर के 36 स्टॉल लगाए गए हैं। इनके अलावा कार डेकोरेशन, सांची उत्पाद, बैंक काउंटर और अन्य उत्पादों के स्टॉल भी स्थापित किए गए हैं। वाहनों पर 50 प्रतिशत कर छूट का लाभ प्रदेशभर के लोगों को मिल रहा है।

वाहन स्टॉल के साथ-साथ कपड़े, मनिहारी सामान, मालवी व्यंजन और अन्य दैनिक उपयोग की वस्तुओं की दुकानें भी लगाई गई हैं। इससे स्थानीय स्तर पर रोजगार के नए अवसर भी सामने आ रहे हैं।

उज्जैन बन रहा व्यापारिक राजधानी: सीएम यादव

“सम्राट विक्रमादित्य की अवंतिका नगरी उत्सवों और व्यापार की राजधानी बन रही है। उज्जैन धार्मिक-सांस्कृतिक नगरी के साथ ही व्यापारिक नगरी के रूप में भी स्थापित हो गया है।” — मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव

सीएम यादव ने कहा कि बाबा महाकाल की नगरी तेजी से प्रगति कर रही है। व्यापार मेले से जिले और आसपास के क्षेत्रों में आर्थिक विकास को गति मिली है। उज्जैन का यह विकास मॉडल पूरे प्रदेश के लिए एक उदाहरण बन चुका है।

महाशिवरात्रि पर श्रद्धालुओं को सुगम दर्शन

मुख्यमंत्री ने बताया कि महाशिवरात्रि के अवसर पर श्रद्धालुओं को बाबा महाकाल के दर्शन बड़ी सुगमता से हो रहे हैं। पर्यटकों की लगातार बढ़ती संख्या उज्जैन की पहचान को और मजबूत कर रही है। उन्होंने कहा कि उज्जैन में विकास की गंगा बह रही है।

सिंहस्थ 2028 की तैयारी पर भी नजर

सीएम यादव ने सिंहस्थ 2028 को भव्य रूप में आयोजित करने का संकल्प दोहराया। उन्होंने कहा कि उज्जैन के नागरिक हर काम में समर्पण के साथ सहयोग कर रहे हैं। इसी भावना के साथ सिंहस्थ की तैयारियां भी आगे बढ़ाई जाएंगी।

मुख्यमंत्री ने विक्रम व्यापार मेले की सफलता के लिए उज्जैन की जनता को साधुवाद दिया। उन्होंने कहा कि यह मेला न केवल वाहन कर छूट बल्कि व्यवस्थित रूप से अन्य उत्पादों की बिक्री का भी एक बड़ा मंच बन चुका है। उज्जैन अपनी तमाम विशेषताओं के साथ राष्ट्रीय स्तर पर पहचान बना रहा है।