महाकाल की शरण में क्रिकेटर स्नेहा राणा: भस्म आरती में हुई शामिल, नंदी हॉल में बैठकर की आराधना

Ujjain News: विश्व प्रसिद्ध श्री महाकालेश्वर ज्योतिर्लिंग मंदिर उज्जैन में सोमवार तड़के आस्था का अनूठा संगम देखने को मिला। भारतीय महिला क्रिकेट टीम की स्टार खिलाड़ी स्नेहा राणा बाबा महाकाल की विशेष भस्म आरती में शामिल होने के लिए उज्जैन पहुंची। अलसुबह करीब 4 बजे मंदिर के नंदी हॉल में बैठकर उन्होंने न केवल भगवान महाकाल के दिव्य दर्शन किए, बल्कि घंटों तक शिव भक्ति में लीन नजर आईं।

क्रिकेटर स्नेह राणा ने किए बाबा महाकाल की भस्म आरती के दर्शन, शिव आराधना  में लीन

भस्म आरती के बाद किया जलाभिषेक
स्नेहा राणा ने पूरी श्रद्धा और विधि-विधान के साथ भस्म आरती के दर्शन किए। आरती संपन्न होने के पश्चात उन्होंने चांदी द्वार से भगवान महाकाल को जल अर्पित कर विशेष पूजा-अर्चना की। स्नेहा के साथ उनके पारिवारिक मित्र भी मौजूद थे। दर्शन के बाद उन्होंने अपनी खुशी जाहिर करते हुए कहा:

“यह मेरा सौभाग्य है कि बाबा महाकाल ने मुझे अपने दर पर बुलाया। आज भस्म आरती के दर्शन कर मेरा जीवन धन्य हो गया है।”

मंदिर समिति ने किया सम्मान
दर्शन और पूजन के उपरांत श्री महाकालेश्वर मंदिर प्रबंध समिति द्वारा स्नेहा राणा का आत्मीय स्वागत और सम्मान किया गया। मंदिर प्रशासन ने उन्हें बाबा का प्रसाद और स्मृति चिह्न भेंट किया। गौरतलब है कि स्नेहा पहले भी कई बार बाबा महाकाल के दर्शन के लिए उज्जैन आ चुकी हैं और उनकी गहरी आस्था इस धाम से जुड़ी है।
बिहार के मंत्री भी हुए शामिल

सोमवार की इस विशेष भस्म आरती में केवल खेल जगत ही नहीं, बल्कि राजनीति जगत की हस्तियां भी मौजूद रही।
बिहार सरकार के लोक स्वास्थ्य अभियंत्रण विभाग के मंत्री संजय सिंह ने भी नंदी हॉल में बैठकर भगवान के दर्शन किए। वे स्नेहा राणा के समीप ही बैठकर आरती की दिव्यता का अनुभव करते नजर आए। मंदिर प्रशासन ने मंत्री सिंह का भी विधिवत स्वागत किया।