पोस्ट ग्रेजुएशन में दाखिले की तैयारी कर रहे छात्रों के लिए बड़ी खबर है। नेशनल टेस्टिंग एजेंसी (NTA) ने CUET PG 2026 के लिए नई आधिकारिक वेबसाइट लॉन्च कर दी है और आवेदन प्रक्रिया 14 दिसंबर से शुरू हो चुकी है। इच्छुक और योग्य अभ्यर्थी exams.nta.nic.in/cuet-pg पर जाकर ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन कर सकते हैं। CUET PG स्कोर के आधार पर देश की 33 केंद्रीय विश्वविद्यालयों समेत कई प्रतिष्ठित संस्थानों में पीजी कोर्सेज में प्रवेश मिलेगा।
157 विषयों की परीक्षा, देश-विदेश में होंगे सेंटर
CUET PG 2026 के तहत कुल 157 विषयों की परीक्षा आयोजित की जाएगी। एनटीए देश के 292 शहरों में परीक्षा केंद्र बनाएगा, जबकि भारत के बाहर 26 शहरों में भी परीक्षा आयोजित की जाएगी। इससे विदेश में रहने वाले भारतीय छात्रों को भी बड़ी राहत मिलेगी। परीक्षा पूरी तरह ऑनलाइन मोड में मार्च 2026 में कराई जाएगी।
करेक्शन विंडो और भाषा से जुड़ी अहम जानकारी
आवेदन प्रक्रिया पूरी होने के बाद उम्मीदवारों को फॉर्म में सुधार का मौका भी दिया जाएगा। करेक्शन विंडो 18 जनवरी से 20 जनवरी तक खुली रहेगी। प्रश्न पत्र हिंदी और अंग्रेजी दोनों भाषाओं में उपलब्ध होंगे, हालांकि एंटेक (ENTEC) और हायर साइंस/आचार्य से जुड़े पेपर्स में यह सुविधा लागू नहीं होगी। ऐसे उम्मीदवारों को भाषा संबंधी निर्देश ध्यान से पढ़ने की सलाह दी गई है।
आवेदन शुल्क कितना देना होगा?
CUET PG 2026 के लिए आवेदन शुल्क श्रेणी के अनुसार तय किया गया है। जनरल कैटेगरी के उम्मीदवारों को दो टेस्ट पेपर्स के लिए 1400 रुपये देने होंगे, जबकि हर अतिरिक्त पेपर के लिए 700 रुपये शुल्क लगेगा। ईडब्ल्यूएस और ओबीसी-एनसीएल उम्मीदवारों के लिए आवेदन शुल्क 1200 रुपये रखा गया है। एससी, एसटी और थर्ड जेंडर कैंडिडेट्स को भी 1200 रुपये देने होंगे। पीडब्ल्यूडी उम्मीदवारों के लिए फीस 1000 रुपये तय की गई है और अतिरिक्त पेपर के लिए 600 रुपये शुल्क लगेगा। भारत के बाहर के उम्मीदवारों को आवेदन के लिए 7000 रुपये देने होंगे, जबकि प्रत्येक अतिरिक्त पेपर के लिए 3500 रुपये शुल्क निर्धारित है।
फॉर्म भरते समय इन बातों का रखें विशेष ध्यान
एनटीए ने स्पष्ट किया है कि आवेदन केवल ऑनलाइन मोड में ही स्वीकार किए जाएंगे। उम्मीदवारों को सलाह दी गई है कि वे सूचना बुलेटिन को ध्यान से पढ़ने के बाद ही फॉर्म भरें। एक मोबाइल नंबर और एक ईमेल आईडी का इस्तेमाल सिर्फ एक ही आवेदन पत्र में किया जा सकता है। ईमेल और मोबाइल नंबर उम्मीदवार या उसके अभिभावक का होना चाहिए, क्योंकि एनटीए इसी माध्यम से जरूरी सूचनाएं भेजेगा।
समस्या होने पर यहां से लें मदद
CUET PG 2026 के अभ्यर्थियों की सहायता के लिए एनटीए ने हेल्पडेस्क भी शुरू किया है। किसी भी तरह की समस्या या सवाल के लिए उम्मीदवार 011-40759000 या 011-69227700 पर कॉल कर सकते हैं। इसके अलावा [email protected] पर ईमेल के जरिए भी सहायता ली जा सकती है।
CUET PG 2026 के लिए ऐसे करें रजिस्ट्रेशन
सबसे पहले आधिकारिक वेबसाइट पर जाएं।
होम पेज पर CUET PG 2026 के रजिस्ट्रेशन लिंक पर क्लिक करें। न्यू रजिस्ट्रेशन विकल्प चुनें और जरूरी जानकारी भरें। पंजीकरण पूरा होने पर एप्लीकेशन नंबर और पासवर्ड मिलेगा। इन डिटेल्स से लॉगिन कर जरूरी दस्तावेज, फोटो और सिग्नेचर अपलोड करें। परीक्षा शहर का चयन करें और आवेदन शुल्क का भुगतान करें। फॉर्म सबमिट करने के बाद कंफर्मेशन पेज डाउनलोड कर सुरक्षित रख लें।
CUET PG 2026 के जरिए देशभर के लाखों छात्रों को एक समान प्लेटफॉर्म पर पीजी में दाखिले का मौका मिलेगा, इसलिए आवेदन से जुड़ी हर जानकारी को ध्यान से समझकर समय रहते प्रक्रिया पूरी करना बेहद जरूरी है।