इंदौर में ट्रेफिक पुलिस पर जानलेवा हमला, सिर पर पत्थर मारकर आरोपी फरार

इंदौर के कनाड़िया थाना क्षेत्र में रविवार रात कानून व्यवस्था को चुनौती देने वाली एक सनसनीखेज घटना सामने आई है। यहाँ ड्यूटी पर तैनात एक यातायात पुलिस आरक्षक (ट्रैफिक कॉन्स्टेबल) पर कुछ असामाजिक तत्वों ने केवल इसलिए हमला कर दिया क्योंकि उन्होंने आरोपियों को बीच सड़क पर शराब पीने से टोका था।
हमले में आरक्षक गंभीर रूप से घायल हुए हैं, जिन्हें उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
जाम खुलवाने गए आरक्षक पर हमला
सूत्रो के अनुसार बताया जा रहा है कि स्कीम नंबर 136 निवासी आरक्षक अनुराग शर्मा की ड्यूटी रविवार रात बिचौली मर्दाना अंडरपास ब्रिज के पास यातायात व्यवस्था संभालने के लिए लगी थी। क्षेत्र में वाहनों का दबाव अधिक होने के कारण जाम की स्थिति बन रही थी। अनुराग पैदल ही वाहनों को व्यवस्थित कर रहे थे, तभी उनकी नजर सड़क किनारे खड़े एक आइसर (Eicher) वाहन पर पड़ी।
शराब पीने को लेकर शुरू हुआ विवाद
आरक्षक ने देखा कि वाहन में सवार तीन युवक शराब पी रहे थे और उनके वाहन के कारण यातायात बाधित हो रहा था। जब अनुराग ने उन्हें वहां से हटने और वाहन हटाने के लिए कहा, तो वाहन मालिक और उसके साथियों ने अभद्रता शुरू कर दी। विवाद इतना बढ़ा कि जब अनुराग ने मदद के लिए पुलिस एफआरवी (FRV) को कॉल करने के लिए अपना मोबाइल निकाला, तो आरोपियों ने उन पर हमला बोल दिया।
पत्थर से किया सिर पर वार
धक्का-मुक्की के दौरान एक आरोपी ने पास पड़ा भारी पत्थर उठाकर आरक्षक के सिर पर मार दिया। हमले के बाद आरक्षक लहूलुहान होकर वहीं गिर पड़े और तीनों आरोपी अंधेरे का फायदा उठाकर अपने वाहन सहित मौके से फरार हो गए।
पुलिस की कार्रवाई और जांच
घटना की सूचना मिलते ही कनाड़िया पुलिस बल मौके पर पहुँचा और घायल आरक्षक को निजी अस्पताल ले जाया गया। पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ शासकीय कार्य में बाधा डालने और जानलेवा हमला करने सहित विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज कर लिया है।