बाबा महाकाल के दर पहुंची ‘धुरंधर’ फेम सारा अर्जुन: मां के जन्मदिन पर भस्म आरती में हुईं शामिल

Ujjain News: हाल ही में रिलीज हुई फिल्म ‘धुरंधर’ के जरिए चर्चा में आई एक्ट्रेस सारा अर्जुन शनिवार तड़के विश्व प्रसिद्ध श्री महाकालेश्वर मंदिर उज्जैन पहुंचीं। सारा अपनी मां सान्या के जन्मदिन के विशेष अवसर पर सपरिवार बाबा महाकाल का आशीर्वाद लेने उज्जैन आई थीं। उनके साथ उनके पिता और जाने-माने अभिनेता राज अर्जुन भी मौजूद रहे।

माता पिता के साथ जल अर्पित करती सारा

भस्म आरती में हुईं शामिल
सारा अर्जुन ने सुबह करीब 4 बजे होने वाली भगवान महाकाल की भव्य भस्म आरती में हिस्सा लिया। नंदी हॉल में बैठकर उन्होंने लगभग दो घंटे तक पूरी श्रद्धा के साथ शिव आराधना की और “जय महाकाल” के जयकारे लगाए। आरती के बाद उन्होंने नंदी जी के कान में अपनी मनोकामना कही और गर्भगृह की देहरी से भगवान को जल अर्पित कर सुख-समृद्धि की कामना की।

सारा ने महाकाल की पूजा-अर्चना भी की।

दर्शन के बाद व्यक्त किया सुकून
पहली बार महाकाल मंदिर पहुंचीं सारा ने मीडिया से चर्चा करते हुए कहा, “यहां आकर मुझे असीम शांति और सुकून मिला है। मैंने भगवान से कुछ खास नहीं मांगा, बस सभी के अच्छे स्वास्थ्य और खुशहाली की प्रार्थना की है।” उन्होंने मंदिर की सुव्यवस्थित दर्शन व्यवस्था की भी काफी सराहना की। मंदिर प्रबंध समिति द्वारा अभिनेत्री और उनके परिवार का विशेष स्वागत-सत्कार भी किया गया।

सारा अपनी मां के जन्मदिन के मौके पर महाकाल के दर्शन करने आई थी।

अभिनय के क्षेत्र में बढ़ता नाम
सारा अर्जुन ने बाल कलाकार के रूप में विज्ञापनों से अपने करियर की शुरुआत की थी। आज वे हिंदी के साथ-साथ तमिल, तेलुगु और मलयालम सिनेमा का भी जाना-माना नाम हैं। फिल्म ‘धुरंधर’ में उनके अभिनय की काफी प्रशंसा की जा रही है, जिससे उन्हें इंडस्ट्री में एक नई और मजबूत पहचान मिली है।