Mumbai News : ‘बिग बॉस 16’ के फर्स्ट रनर-अप और रियलिटी टीवी की दुनिया के जाने-माने चेहरे शिव ठाकरे ने सोशल मीडिया पर तहलका मचा दिया है। शुक्रवार को उन्होंने अपने इंस्टाग्राम अकाउंट पर एक तस्वीर साझा की, जिसमें वह मराठी दूल्हे के पारंपरिक लिबास में नजर आ रहे है।
इस तस्वीर में वह एक मिस्ट्री गर्ल के साथ खुशी से नाचते दिख रहे हैं, जिसका चेहरा छिपा हुआ है। तस्वीर के साथ शिव ने कैप्शन में सिर्फ “फाइनली” लिखा और एक दिल का इमोजी बनाया, जिससे उनकी गुपचुप शादी की अटकलें तेज हो गई हैं।

यह तस्वीर सामने आते ही इंटरनेट पर वायरल हो गई। फैंस इस बात से हैरान हैं कि क्या उनके पसंदीदा स्टार ने बिना किसी को बताए शादी कर ली है। तस्वीर का माहौल किसी मराठी शादी समारोह जैसा लग रहा है, जिसने इन अफवाहों को और भी पुख्ता कर दिया है।
फैंस और सेलेब्स हैरान
शिव की इस पोस्ट पर उनके फैंस और इंडस्ट्री के दोस्तों ने कमेंट्स की झड़ी लगा दी है। कॉमेडियन भारती सिंह ने हैरानी जताते हुए लिखा, “ये कब हुआ भाई, बधाई हो।” वहीं, पूनम पांडे ने भी कमेंट में “बधाई हो” लिखा। माही विज, आकांक्षा पुरी और रिधिमा तिवारी जैसे कई अन्य सेलेब्स ने भी शिव को शुभकामनाएं दीं, जिससे यह चर्चा और भी गर्म हो गई है कि क्या शिव वाकई शादी के बंधन में बंध गए हैं।
क्या यह एक प्रमोशनल स्टंट है?
हालाकि, एक तरफ जहां शादी की खबरें जोर पकड़ रही हैं, वहीं दूसरी तरफ इसे एक प्रमोशनल स्टंट भी माना जा रहा है। हाल ही में शिव ठाकरे का एक म्यूजिक वीडियो ‘रज्ज रज्ज नाचन’ रिलीज हुआ है, जिसमें वह रश्मि देसाई के साथ नजर आए थे। इस गाने की थीम भी शादी और उससे जुड़ी रस्मों पर आधारित थी। ऐसे में यह संभव है कि यह तस्वीर उनके किसी आने वाले प्रोजेक्ट या म्यूजिक वीडियो का हिस्सा हो, जिसे लेकर वह माहौल बना रहे हैं।
निजी जिंदगी को प्राइवेट रखते हैं शिव
शिव ठाकरे हमेशा से अपनी निजी जिंदगी को लेकर काफी प्रोटेक्टिव रहे हैं। उन्होंने पहले भी कई इंटरव्यू में कहा है कि वह अपनी पर्सनल लाइफ, खासकर अपने रिश्तों को लोगों की नजरों से दूर रखना पसंद करते हैं। टाइम्स नाउ को दिए एक पुराने इंटरव्यू में उन्होंने कहा था:
“कुछ चीजें मुझे निजी रखनी बहुत पसंद हैं। बाकी आप तय कर लो, पर मैं खुश हूं। अगर मेरा किसी के साथ रिश्ता बन भी जाता है और मैं उन्हें सच में पसंद करता हूं, तब भी मैं इसे निजी रखना ही पसंद करूंगा।”