इंदौर के पुराने एबी रोड पर प्रस्तावित एलिवेटेड कॉरिडोर को लेकर नगरीय प्रशासन एवं आवास मंत्री कैलाश विजयवर्गीय की अध्यक्षता में एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। इस बैठक में जनप्रतिनिधियों, प्रशासनिक अधिकारियों और तकनीकी विशेषज्ञों ने भाग लिया और परियोजना से जुड़े विभिन्न पहलुओं पर अपने सुझाव रखे।
7 फरवरी को होगी अगली बैठक
बैठक में जानकारी दी गई कि इस विषय पर अगली बैठक 7 फरवरी को आयोजित की जाएगी। इसमें एलिवेटेड कॉरिडोर के स्वरूप, लंबाई और चौड़ाई को लेकर अंतिम रूपरेखा तय करने पर विस्तार से चर्चा की जाएगी, ताकि भविष्य की जरूरतों को ध्यान में रखते हुए ठोस निर्णय लिया जा सके।
भविष्य को ध्यान में रखकर होगा कॉरिडोर का डिजाइन
मंत्री कैलाश विजयवर्गीय ने कहा कि एलिवेटेड कॉरिडोर का डिजाइन भविष्य की यातायात आवश्यकताओं को ध्यान में रखकर तय किया जाएगा। उन्होंने स्पष्ट किया कि इस परियोजना के लिए धन की कोई कमी नहीं आने दी जाएगी और सभी संबंधित पक्षों से सुझाव लेकर ही अंतिम निर्णय लिया जाएगा।
जनप्रतिनिधियों ने रखे अपने विचार
पूर्व लोकसभा अध्यक्ष सुमित्रा महाजन ने एलिवेटेड कॉरिडोर को समय की आवश्यकता बताया और भविष्य को देखते हुए इसके विस्तार पर जोर दिया। सांसद शंकर लालवानी ने कहा कि विशेषज्ञों के सुझावों के आधार पर इस कॉरिडोर को वैज्ञानिक और तकनीकी दृष्टि से अधिक उपयोगी बनाया जाना चाहिए।
पब्लिक यूटिलिटी शिफ्टिंग पर जोर
महापौर पुष्यमित्र भार्गव ने परियोजना से जुड़ी पब्लिक यूटिलिटी सेवाओं को तय समयसीमा में स्थानांतरित करने की आवश्यकता पर बल दिया, ताकि निर्माण कार्य में किसी प्रकार की बाधा न आए।
मेट्रो संचालन को लेकर भी चर्चा
बैठक में मौजूद विशेषज्ञों ने एलिवेटेड कॉरिडोर को बेहतर और व्यावहारिक बनाने के लिए कई महत्वपूर्ण सुझाव दिए। इसके साथ ही इस मार्ग पर भविष्य में मेट्रो संचालन और मेट्रो निर्माण के लिए आवश्यक प्रावधान रखने को लेकर भी विचार-विमर्श किया गया।
बैठक में ये रहे मौजूद
इस बैठक में संभागायुक्त डॉ. सुदाम खाड़े, कलेक्टर शिवम वर्मा, विधायक महेन्द्र हार्डिया, रमेश मेंदोला, मधु वर्मा, गोलू शुक्ला, सुमित मिश्रा सहित अन्य जनप्रतिनिधि, संबंधित विभागों के अधिकारी और तकनीकी विशेषज्ञ उपस्थित रहे।