कैबिनेट मंत्री नागर सिंह चौहान के भाई के विरुद्ध FIR दर्ज:पुलिस ने किया गिरफ्तार

Indore News: मध्यप्रदेश के आलीराजपुर जिले में सत्ता की हनक और सरकारी अधिकारी के साथ बदसलूकी का एक गंभीर मामला सामने आया है। राज्य सरकार के वन व पर्यावरण मंत्री नागर सिंह चौहान के भाई और भाजपा नेता इंदर सिंह चौहान पर जिला पंचायत सीईओ (IAS) प्रिया काग के साथ अभद्रता करने और उन्हें जान से मारने की धमकी देने के आरोप में केस दर्ज किया गया है।
विवाद की वजह: कन्या विवाह योजना के आवेदन
सूत्रो के मुताबिक यह घटना उस समय हुई जब इंदर सिंह चौहान जनपद पंचायत कार्यालय पहुंचे थे। इंदर की पत्नी वहां जनपद अध्यक्ष हैं। इंदर सिंह ‘मुख्यमंत्री कन्या विवाह योजना’ के कुछ आवेदनों के निरस्त होने को लेकर नाराज थे। जब सीईओ प्रिया काग ने नियमों का हवाला देते हुए बताया कि अपात्र होने के कारण आवेदन निरस्त किए गए हैं, तो इंदर सिंह अपना आपा खो बैठे।
“जिंदा गाड़ दूंगा और दांत तोड़ दूंगा”
प्रत्यक्षदर्शियों और शिकायत के अनुसार, इंदर सिंह चौहान सीईओ की तरफ मारपीट करने के इरादे से झपटे और चिल्लाते हुए कहा— “तेरे दांत तोड़ दूंगा और यहीं जिंदा गाड़ दूंगा। यहां सब मेरी मर्जी से होगा।” जब अधिकारी वहां से निकलने लगीं, तो आरोपी ने उनका रास्ता भी रोका। कार्यालय में मौजूद अन्य कर्मचारियों ने बीच-बचाव कर स्थिति को संभाला।
पुलिस कार्रवाई और मंत्री का बयान 
सूत्रो के अनुसार बताया जा रहा है कि पीड़ित अधिकारी की शिकायत पर पुलिस ने इंदर सिंह चौहान के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 132, 224, 221 और 351(2) के तहत मामला दर्ज किया। आरोपी को गिरफ्तार कर कोर्ट में पेश किया गया, जहां से बाद में उसे जमानत मिल गई।
इस मामले पर मंत्री नागर सिंह चौहान ने पल्ला झाड़ते हुए कहा कि उनकी अपने भाई से बातचीत नहीं होती है और कानून अपना काम करने के लिए स्वतंत्र है। गौरतलब है कि इंदर सिंह चौहान का विवादों से पुराना नाता रहा है; उन पर पहले भी एक कर्मचारी के साथ मारपीट करने का आरोप लग चुका है। इस घटना के बाद प्रशासनिक हलकों में काफी रोष देखा जा रहा है।