इंदौर में पहली बार टैंडम पैराग्लाइडिंग फेस्टिवल, 31 जनवरी को होगा शुभारंभ

मध्यप्रदेश टूरिज्म बोर्ड की नई पहल से प्रदेश के पर्यटन परिदृश्य में एक रोमांचक शुरुआत होने जा रही है। एडवेंचर गतिविधियों के शौकीनों के लिए इंदौर में पहली बार टैंडम पैराग्लाइडिंग फेस्टिवल का आयोजन किया जा रहा है। यह दो दिवसीय आयोजन 31 जनवरी और 1 फरवरी 2026 को कोरबन हिल्स में होगा, जो अपने प्राकृतिक सौंदर्य और मनोरम दृश्य के लिए जाना जाता है। इस फेस्टिवल का आयोजन मध्यप्रदेश टूरिज्म बोर्ड और मध्यप्रदेश फ्लाइंग क्लब के संयुक्त सहयोग से किया जा रहा है।

पर्यटन सचिव और मध्यप्रदेश टूरिज्म बोर्ड के प्रबंध संचालक इलैया राजा टी. ने बताया कि मध्यप्रदेश प्राकृतिक खूबसूरती, भौगोलिक विविधताओं और साहसिक पर्यटन की असीम संभावनाओं से भरपूर है। टैंडम पैराग्लाइडिंग फेस्टिवल जैसे आयोजन राज्य को एडवेंचर टूरिज्म के क्षेत्र में राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पहचान दिलाने में सहायक सिद्ध होंगे।

इस आयोजन को लेकर 27 जनवरी को आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में संयुक्त संचालक (एडवेंचर टूरिज्म) एस. के. श्रीवास्तव ने जानकारी दी कि फेस्टिवल के दौरान नए और अनुभवी दोनों तरह के प्रतिभागियों के लिए विशेष पैराग्लाइडिंग सत्र रखे गए हैं। सभी उड़ानें प्रमाणित और अनुभवी प्रशिक्षकों की देखरेख में कराई जाएंगी, साथ ही सुरक्षा के लिए अंतरराष्ट्रीय मानकों का पूरी तरह पालन किया जाएगा। इस अवसर पर मंधार महाजन (चीफ इंस्ट्रक्टर) और नीरज मुजुमदार (निदेशक, मध्यप्रदेश फ्लाइंग क्लब) भी मौजूद रहे।

टैंडम पैराग्लाइडिंग के लिए स्लॉट सीमित रखे गए हैं। इच्छुक लोग मात्र 2,999 रुपये में इस रोमांचक अनुभव का आनंद ले सकते हैं। अधिक जानकारी और बुकिंग के लिए प्रतिभागी www.mpfc.in वेबसाइट या इंस्टाग्राम आईडी mpflyingclub पर संपर्क कर सकते हैं।