Ujjain News: राजस्थान की पूर्व मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे सिंधिया बुधवार सुबह करीब 10 बजे उज्जैन स्थित श्री महाकालेश्वर मंदिर पहुंचीं। मंदिर परिसर में उन्होंने नंदी हाल से भगवान महाकाल के दर्शन किए और आशीर्वाद लिया। दर्शन के दौरान वे कुछ समय नंदी हाल में रहीं और पूजा-अर्चना की औपचारिकताएं पूरी कीं।
मंदिर में ज्योतिर्लिंग भगवान श्री महाकालेश्वर के दर्शन के बाद उन्होंने भगवान श्री वीरभद्र जी का पूजन भी किया। इसके साथ ही श्री महाकालेश्वर ध्वज चल समारोह में निकलने वाले ध्वज का विधि-विधान से पूजन किया गया। राजे ने नंदी का पूजन कर बाबा महाकाल को जल अर्पित किया।
मंदिर प्रशासन ने किया स्वागत
दौरे के दौरान महाकाल मंदिर प्रबंध समिति की ओर से सहायक प्रशासक मूलचंद जूनवाल और सहायक प्रशासक प्रतीक द्विवेदी ने वसुंधरा राजे सिंधिया का स्वागत किया। मंदिर प्रशासन ने दर्शन व्यवस्था के तहत निर्धारित प्रोटोकॉल के अनुसार उनकी यात्रा कराई।
मंदिर परिसर में उनकी मौजूदगी के दौरान दर्शन और पूजन की प्रक्रिया सामान्य रूप से चलती रही। श्रद्धालुओं के लिए नियमित व्यवस्था जारी रही और मंदिर के विभिन्न बिंदुओं पर प्रशासनिक तैनाती बनी रही।
राजे ने कही यह बात
“राजस्थान के लोग बड़ी संख्या में महाकाल मंदिर में आते हैं, भगवान महाकाल का हम सब पर आशीर्वाद रहा है। सुखी-दुख में हम भगवान शिव के पास आते हैं। महाकाल मंदिर में भक्तों को सुलभ दर्शन मिल रहे हैं।”